CHAIBASA: विधानसभा चुनाव से पूर्व पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने दो नक्सली को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सदस्य हैं। दोनों गुदड़ी थाना अंतर्गत चल रहे विभिन्न सरकारी योजनाओं के ठेकेदारों से लेवी लेने के लिए पहुंचे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसमें नक्सली मंगरा बोदरा उर्फ लेक्को और याकुब टुटी शामिल हैं। एसपी इंद्रजीत माहथा ने कहा कि शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआइ के कुछ सदस्य गुदड़ी थाना अंतर्गत बिरकेल नाला की तरफ सरकारी योजनाओं के ठेकेदारों से लेवी लेने के लिए घूम रहा है। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाथुराम मीणा के नेतृत्व में टीम को गठन कर छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान गुदड़ी थाना अंतर्गत गुड़ीदरी गांव निवासी मंगरा बोदरा उर्फ लेक्को 22 वर्ष और गुदड़ी थाना के बीरकेल गांव निवासी याकुब टुटी 22 वर्ष को संदिग्ध अवस्था में पाया गया। जिसके बाद पुलिस के द्वारा तालाशी लेने के दौरान दोनों के पास से सरकारी काम कर रहे ठेकेदरों से लेवी मांगे जाने के लिए पोस्टर बरामद किया गया। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने कहा कि दोनों से पूछताछ में पता चला कि दोनों दो हत्या और एक पुलिस के ऊपर गोली चलाने के मामले में भी दोषी है। जिसमें दोनों के ऊपर गुदड़ी थाना में ही मामला दर्ज है। इस अभियान के दौरान गुदड़ी थाना प्रभारी अशोक कुमार, प्रेमचन्द भगत, गायेन्द्र सिंह, सुशांत मुर्मू समेत थाना के पुलिस बल शामिल थे।

इन कांडों में रहे शामिल

- 11 नवंबर 2018 को गुदड़ी थाना के रहने वाले जय मशीह की गोली मार कर हत्या नक्सलियों के द्वारा कर दी कर दी थी। इस मामले में गुदड़ी थाना में एफआइआर दर्ज किया गया था। दोनों ने गिरफ्तारी के बाद इस हत्या कांड में शामिल होने की बात को कबूल किया है।

- मई 2017 को गुदड़ी थाना के कांडेल के पास जय मशीह नामक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी, इस संबंध में मामला भी दर्ज किया गया था। इस कांड में भी शामिल होने की बात दोनों गिरफ्तार नक्सलियों ने कबूल किया है।

- सितंबर 2018 में गुदड़ी थाना के डेमना पहाड़ी के पास पुलिस बल पर नक्सलियों ने फाय¨रग किया था, इस कांड में भी दोनों ने अपनी संलिप्ता कबूल किया है।

विधानसभा चुनाव के दौरान पश्चिम सिंहभूम जिला के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस व सीआरपीएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। दोनों उग्रवादियों की गिरफ्तारी पुलिस बल के लिए बड़ा उपलब्धि है। आगे भी पुलिस की टीम पूरी सक्रियता के साथ अभियान चला कर नक्सलियों की गिरफ्तारी करेगी। विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जायेगा।

- इंद्रजीत माहथा, एसपी, पश्चिम सिंहभूम

Posted By: Inextlive