- नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र के लटावर गांव का मामला

- थानाध्यक्ष ने अधिकारियों से मांगा निर्देश, हो सकता डीएनए टेस्ट

NAWADA: नवादा के हिसुआ प्रखंड में एक ही बच्चे को दो माताएं अपना बता रही है। इस मामले को सुलझाने में पुलिस परेशान है। थाने की पुलिस किसी निर्णय पर पहुंचने के पहले अपने वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा है।

वर्ष 2018 में हुई थी बच्चे की चोरी

हिसुआ थाना क्षेत्र के लटावर गांव निवासी सकल राजवंशी की बेटी संजू देवी अपने भाई की शादी में शामिल होने ससुराल मेसकौर से पति राजेश राजवंशी के साथ मायके आई थी। 29 अप्रैल 2018 की शाम संजू का 7 महीने के दूध पीते बच्चे सोनू को किसी ने चुरा लिया था। खोजबीन के बाद भी कहीं पता नहीं चला था। तब बच्चे के मामा मिट्ठू राजवंशी ने अपने भांजे सोनू के चोरी हो जाने की प्राथमिकी हिसुआ थाने में दर्ज कराई थी। इस बीच दो साल बाद संजू व उसके पति को पता चला कि उसका बच्चा लटावर के ही कारू राजवंशी की पहली पत्नी पूजा देवी के पास है। संजू व उसका पति और स्वजन ओंकार शर्मा के साथ हिसुआ पहुंचे और पूजा की गोद से बच्चा छीनकर लटावर चले गए।

थाने में दिया आवेदन

पूजा कुमारी बच्चा छीने जाने के बाद अपनी मकान मालकिन सुनैना देवी के साथ हिसुआ थाने पहुंची और बच्चे को वापस लाने के लिए हंगामा खड़ा कर दिया। थानाध्यक्ष राजकुमार ने अवर निरीक्षक गणेश मंडल को लटावर भेज बच्चे को बरामद कर लिया और संजू व उसके पति राजेश को पकड़कर थाने ले आए। थाने आते ही बच्चा पूजा से लिपट गया।

वरीय अधिकारियों से मांगा मार्गदर्शन

बच्चे के असली वारिस को लेकर थानाध्यक्ष पसोपेश में हैं। बच्चा व उसके जन्म के समय ली गई तस्वीर संजू से मिल रही। बच्चा किसे मिलना चाहिए, इसको लेकर थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारी को सूचना दे मार्गदर्शन मांगा है। वहीं थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी डीएनए टेस्ट कराने का सुझाव दे रहे हैं।

Posted By: Inextlive