RANCHI : आधी रात ग्रामीणों की पंचायत बैठी और फिर तुगलकी फरमान जारी किया गया। फरमान यह था कि डायन-बिसाही के आरोप में दो महिलाओं को पीट-पीटकर मार डाला जाए। शनिवार की आधी रात निर्णय पर अमल हुआ और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव के सहियारा टोला की दो महिलाओं की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सोन नदी में फेंक दिया गया। मृतकों में सहियारा टोला के कृतराजवंशी की 41 वर्षीया पत्नी वसंती देवी व विजय राजवंशी की 36 वर्षीया पत्नी मुनवां देवी शामिल हैं। दोनों के शव बरामद नहीं हुए हैं।

भूत लगाने का आरोप

सहियारा गांव के रामप्रवेश रजवार के पुत्र गजेंद्र रजवार व छतरपुर निवासी उसके एक रिश्तेदार की मौत दो दिन के अंतराल पर हो गई थी। रामप्रवेश राम व उनके परिजनों का मानना था कि घर के दोनों सदस्यों की मौत वसंती देवी व मुनवा देवी ने भूत लगाकर कर दी है। शनिवार की रात्रि में मुनवा देवी व वसंती देवी आपस में एक-दूसरे को डायन बताते हुए झगड़ा कर रही थीं। दोनों गजेंद्र रजवार व उसके रिश्तेदार की मौत का जिम्मेवार एक दूसरे को बता रही थीं। इनकी बात सुन ग्रामीण बौखला गए। इसके बाद गांव में एक पंचायत बुलाई गई। ग्रामीणों के बीच हुए निर्णय हुआ कि दोनों महिलाओं की पीट-पीटकर हत्या कर दी जाए। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।

पहुंची पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। हुसैनाबाद एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, अंचल पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल व थाना प्रभारी व्यास राम सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी व्यास राम व देवरी ओपी प्रभारी अभिजीत कुमार गौतम ने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम सभी संभावित स्थानों पर शव की खोजबीन में जुटी है। इस क्रम में सोन नदी में नाव से शव की खोज कराई गई।

गांव में सन्नाटा, कोई नहीं खोल रहा मुंह

हुसैनाबाद के बड़ेपुर गांव के सहियारा टोला में दो महिलाओं की हत्या के बाद सन्नाटा पसरा है। गांव के सभी पुरुष फरार हो गए हैं। वहीं महिलाएं भी अपने अपने घरों में दुबकी हुई हैं। घटना के संबंध में कोई कुछ भी बताने से परहेज कर रहा है। बहुत कुरेदने के बाद दबी जुबान से कुछ महिलाओं ने बताया कि वसंती देवी व मुनवा देवी पर पहले भी डायन- बिसाही का आरोप लगा था। यह मामला थाना तक भी पहुंचा था। इसके बावजूद दोनों महिलाओं से गांव के लोग काफी परेशान थे।

पहले भी डायन बिसाही में हुई हैं हत्याएं

हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में पहले भी डायन-बिसाही में हत्या की कई घटनाएं हुई हैं। सहियारा टोला के बगल में स्थित शिवा बिगहा गांव में छह वर्ष पूर्व एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या की गई थी। उक्त घटना में भी सभी शव को सोन नदी की उफनती धारा में फेंककर हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था। घटना में ¨जदा बचा उस परिवार का एक व्यक्ति लगातार पांच वर्ष तक हुसैनाबाद थाना की शरण ले रखा था।

Posted By: Inextlive