-दोनों शहर के बड़े व्यापारी की हैं बहुएं

-देहरादून के पीजी हॉस्टल में रुकी थीं

BAREILLY : बरेली के सिविल लाइंस से गायब देवरानी-जेठानी 6 दिन बाद वेडनसडे रात अपने घर लौट आयी हैं। दोनों देहरादून के पीजी हॉस्टल में रह रही थीं। पुलिस लोकेशन ट्रेस कर परिजनों के साथ देहरादून पहुंची और उन्हें बरेली लेकर वापस आ गई। दोनों महिलाओं ने घर से नाराज होने पर जाने की बात कही है। दोनों के गायब होने की बात परिजन लगातार छिपाने में लगे हुए थे। दोनों शहर के बड़े व्यापारी परिवार की बहुएं हैं।

27 जुलाई को हुई थीं गायब

जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस की रहने वाली देवरानी जेठानी 27 जुलाई की शाम को अचानक घर से गायब हो गई थीं। रात भर वापस न आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी। 28 जुलाई को परिजनों ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस जांच में दोनों की लोकेशन हरिद्वार में मिली थी। हरिद्वार में दोनों 28 जुलाई को एक होटल में रुकी थीं, लेकिन उसके बाद दोनों गायब हो गई थीं। उसके बाद फिर से परिजन कोतवाली पहुंचे थे, जिसके बाद दोनों महिलाओं के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए और उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। दोनों की लोकेशन देहरादून मिली और फिर पुलिस परिजनों के साथ देहरादून रवाना हुई और 1 अगस्त की रात में दोनों को बरेली वापस लेकर आ गई।

Posted By: Inextlive