प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटहट का हाल

BHATHAT: सरकार एक तरफ स्वछता की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूली छात्र कूड़े के पास पढ़ रहे हैं। भटहट विकास खंड के भटहट कस्बे में जामा मस्जिद के पीछे स्थित प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गंदगी का अंबार लगा है। बच्चे यहां बदबू और गंदगी भरे वातावरण में पढ़ने को मजबूर हैं। अधिकारी भी इस पर आंख मूंदे बैठे हैं। अध्यापिकाएं कई बार भटहट ब्लॉक के पदाधिकारियों व ग्राम प्रधान को इस संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं। इसके बावजूद सफाई नहीं हुई।

नहीं आते हैं बच्चे

प्राथमिक विद्यालय में 121 और माध्यमिक में 55 बच्चे पंजीकृत हैं। दोनों विद्यालयों में मिला कर 50 से 80 बच्चे ही आते हैं। विद्यालय की अध्यापिकाएं बताती हैं कि इधर इतनी गंदगी बढ़ गई है कि अभिभावकों ने संक्रमण के डर से अपने बच्चों को भेजना बंद कर दिया है। यहां की स्थिति देख कर सफाईकर्मियों की उदासीनता का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। विद्यालय की रसोईया ने बताया कि सफाईकर्मी यहां कभी नहीं आते। सफाईकर्मी तभी आते हैं जब विद्यालय पर कोई अधिकारी आने वाला हो।

हमारे यहां तीन ही सफाईकर्मी हैं। वे कई दिनों से लापरवाही कर रहे थे जिस कारण उनका आठ दिन का वेतन कटा है। अब वे नियमित आ रहे हैं। फंड आते ही तत्काल सफाई करवा दी जाएगी।

सुनील मोदनवाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि

मैंने कई बार एडीओ पंचायत और बीडीओ भटहट से बात की लेकिन कोई सुनता ही नहीं। सफाईकर्मियों को निर्देशित करना मेरे अधिकार में नहीं है।

जनार्दन यादव, खंड शिक्षा अधिकारी, भटहट

ब्लॉक के अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार नही हैं। खंड शिक्षा अधिकारी को ग्राम प्रधान से मिल कर सफाई करवा लेनी चाहिए। मैं ग्राम प्रधान से कहूंगा कि जल्द सफाई करवाएं। दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बब्बन उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी

Posted By: Inextlive