- वीनस कैंपस में हो रहा है कंस्ट्रक्शन

- मौत की अफवाह से पुलिस रही परेशान

GORAKHPUR: सिनेमा रोड स्थित वीनस कैंपस में निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग ढहने से दो मजदूर घायल हो गए। घटना शनिवार तड़के करीब चार बजे हुई। सुबह होने पर दो लोगों की मौत की अफवाह फैल गई। इसे लेकर पुलिस काफी देर तक परेशान रही। बिल्डिंग के प्रोजेक्ट मैनेजर ने किसी की मौत से इनकार किया। बताया कि शटरिंग गिरता देख सभी लोग सुरक्षित निकल गए। दो लोगों को चोट लगी थी। उनका उपचार कराया जा रहा है।

अचानक बैठा शटरिंग का स्ट्रक्चर

वीनस कैंपस में एक मॉल की बिल्डिंग बन रही है। शुक्रवार रात टॉपफ्लोर पर सिनेमा की हॉल छत बनाई जा रही थी। भोर में तीन बजे ढलाई का काम शुरू हुआ। कुछ देर के बाद अचानक शटरिंग बैठने लगी। इससे काम कर रहे इंजीनियर, ठेकेदार, मजदूरों में भगदड़ मच गई। हर कोई सुरक्षित निकलने की कोशिश में लग गया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी सुबह होने पर हुई।

दो मजदूरों का कराया उपचार

घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। शटरिंग ठीक होने तक काम रोक दिया गया। घटना में कुशीनगर जिले के आनंदनगर, दरगौली निवासी विजय कुशवाहा और उमाशंकर घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि दो लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई है। सूचना पाकर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस कर्मचारी लौट गए। किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की। कुछ लोगों ने कहा कि रात की ड्यूटी में लगे सुरक्षा कर्मचारी घटना की हकीकत जानते हैं।

वर्जन

शटरिंग गिरता देख सभी लोग सावधानी से निकल गए। कोई मौत नहीं हुई। किसी ने गलत सूचना दे दी है। घायलों का उपचार कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।

- पंकज त्रिपाठी, प्रोजेक्ट मैनेजर

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। लेकिन किसी की मौत की बात सामने नहीं आई। कई लोगों से पूछताछ की गई। सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी। फिर भी इसकी पड़ताल की जा रही है। कोई मामला सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

- बृजेश कुमार वर्मा, एसएचओ कैंट

Posted By: Inextlive