आगरा। विवि में विगत चार महीने से मार्कशीट बनाने का कार्य बंद होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विवि अधिकारियों द्वारा समस्या को गंभीरता से नही लिया जा रहा है। जिससे दूरदराज से आए छात्र विवि के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। डॉ। भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में 2013 की मार्कशीट बनाने का कार्य खंदारी कैम्पस में किया जाता था। चार महीने पहले अचानक कार्य बंद कर दिया। इससे मार्कशीट के लिए किए गए सैकड़ों आवेदन लम्बित पड़े हैं।

अधिकारी रहे बेपरवाह

मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद भी इस समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। हाल ही में अव्यवस्थाओं को ध्यान में रख नए रजिस्ट्रार की नियुक्ति की गई है, लेकिन वह तैनाती के बाद से नदारद चल रहे हैं। इससे छात्र अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों की चौखट पर जमे रहते हैं, लेकिन अधिकारियों के द्वारा समस्या का कोई स्थाई हल नहीं निकाला जा रहा है।

दिल्ली से नहीं आ रहीं 2012-14 की मार्कशीट

विवि अधिकारियों द्वारा वर्ष 2012-14 की मार्कशीट का कार्य दिल्ली की एक एजेंसी को दिया था। छात्र-छात्राओं द्वारा मार्कशीट में खामियां दुरुस्त कराने या अस्थाई से स्थाई मार्कशीट बनवाने के लिए हर महिने दर्जनों प्रार्थना पत्र भेजे जाते हैं। इससे पूर्व उक्त मार्कशीट के लिए निर्धारित शुल्क बैंक में भी जमा करा लिया जाता है।

2015 का नहीं हो रहा कार्य

वर्ष 2015 में त्रुटि सुधार का कार्य विवि अधिकारियों द्वारा छलेसर कैम्पस को दिया था। छात्र नेता शाकिर अली का कहना है कि हर रोज दर्जनों छात्र लम्बी लाइन लगाकर आवेदन करते हैं, कर्मचारियों द्वारा उक्त आवेदन पर छात्रों को नम्बर दे दिया जाता है। लेकिन मार्कशीट पर कोई कार्य नही किया जाता है। इससे छात्र विवि के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

दूरदराज से आए छात्र लौटते हैं निराश

अलीगढ़ से पहुंचे कुलदीप चौधरी का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2013 में स्नातक की परीक्षा पास की थी। मार्कशीट में पिता के नाम में त्रुटि अपने पर पुन: प्रार्थनापत्र दिया गया, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी विवि कर्मचारियों द्वारा मार्कशीट नहीं बनाई गई। कुलदीप ने बताया कि वह चार महीने में छह बार विवि आ चुका है। लेकिन विवि अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है। इसी तरह सैकड़ों छात्र-छात्राएं मार्कशीट बनवाने के लिए विवि के चक्कर लगा रहे हैं।

Posted By: Inextlive