आगरा। आम्बेडकर विश्वाविद्यालय के ललित कला संस्थान में संगीत के गेस्ट लेक्चरर के बेटे की चंडीगढ़ में अपार्टमेंट से गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने उसके दो रूममेट पर हत्या का आरोप लगाया है।

दहतोरा रोड, ब्रज द्वारिका सिकंदरा निवासी देवाशीष गांगुली विवि के ललित कला संस्थान में संगीत के गेस्ट लेक्चरर हैं। उनका 19 वर्षीय इकलौता बेटा शांतनु गांगुली चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन पहले ही उसने अपने एक साथी के साथ हॉस्टल छोड़ कर कॉलेज से 20-25 किमी। दूर एक अपार्टमेंट में रूम ले लिया था। रूम में साथी के अलावा एक और स्टूडेंट साथ में रह रहा था।

पिता से हुई थी बात

पिता देवाशीष गांगुली ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह 4:58 पर बेटे ने कॉल किया था। बेटे से पूछा भी था कि इतनी सुबह कॉल कैसे किया तो बेटे ने कहा ऐसे ही। फिर उसने बोला कि मैं आगरा आना चाहता हूं, मेरा रूम चेंज करवा दो। होली की छुट्टी पर आऊंगा। मेरे साथ रहने वाले रूममेट ठीक नहीं हैं। 5:10 तक बेटे से बात हुई थी। सुबह 7:30 बजे अपार्टमेंट में रहने वाले लोकल फैकल्टी के कर्मवीर सिंह का कॉल आया कि आपका बेटा बेहोश है और सीढि़यों के पास पड़ा है। ये सुनते ही उनके होश उड़ गए। परिजन 10 से 12 घंटे में चंडीगढ़ पहुंचे। वहां जाकर पता चला कि बेटे ने सुसाइड किया है। वह छठवीं मंजिल से नीचे कूद गया।

कुछ बताना चाहता था बेटा

परिजनों के मुताबिक बेटे के सिर में पीछे से चोट लगी है। उसके गले पर खरोंच के भी निशान हैं। उसके कमरे को देख कर लग रहा था कि यहां पर खींचतान हुई थी। सारी बातें हत्या की तरफ इशारा कर रही है। किसी ने उसे धक्का दिया था। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। पिता के मुताबिक वहां की पुलिस ने भी इस मामले में लापरवाही बरती है। मौके पर कोई तथ्य नहीं जुटाया गया।

Posted By: Inextlive