उन्नाव के बिहार इलाके में गुरुवार सुबह एक दुष्कर्म पीड़िता को किरोसिन छिड़कर पांच लोगों ने जला दिया था। डॉक्टरों ने बताया है कि वह 90 प्रतिशत तक जल गई है और उसे बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ले जाया जाएगा।


उन्नाव (पीटीआई)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव की एक दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार सुबह पांच लोगों ने कोर्ट जाते वक्त जलाकर मारने की कोशिश की। वह फिलहाल लखनऊ के सरकारी अस्पताल में जीवन और मौत के साथ जूझ रही है। डॉक्टरों ने बताया कि वह& 90 प्रतिशत तक जल गई है। पुलिस ने बताया कि जलाने वाले पांच लोगों में से दो व्यक्ति& महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी हैं। हालांकि, पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए उसे एयर एम्बुलेंस से नई दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है। पीड़िता की हालत गंभीर


दिसंबर में कथित रूप से दुष्कर्म का शिकार हुई महिला ने एक बयान में कहा कि वह कोर्ट में पेश होने के लिए अपने गांव उन्नाव जिले से रायबरेली जा रही थी तभी गुरुवार सुबह उस पर हमला किया गया। लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत बेहद गंभीर है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा कि पीड़िता को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा, 'डिवीजनल कमिश्नर को एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया है।अगर मौसम ठीक रहा तो उसे जल्द ही पहुंचा दिया जाएगा। महिला ने सब डिविजनल मजिस्ट्रेट दयाशंकर पाठक को दिए अपने बयान में कहा कि जब वह अपने घर के पास गौरा मोड़ पर पहुंची तो उस पर हमला किया गया। उसने बताया कि हरिशंकर त्रिवेदी, राम किशोर त्रिवेदी, उमेश बाजपेयी, शिवम त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी ने उसे जलाया। उसने आरोप लगाया कि शिवम और शुभम त्रिवेदी ने दिसंबर 2018 में उसका अपहरण कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। हालांकि, एफआईआर मार्च में दर्ज किया गया था।प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव ने सरकार को घेरापुलिस ने बताया कि आग लगने के उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया और वहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ पुलिस और राज्य प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर जाकर शाम तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की इस्तीफा की मांग

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि महिला को सबसे अच्छा इलाज दिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अदालत में उनकी सजा सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा नेता को उनके 'झूठे प्रचार' को रोकना चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'कल देश के गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से झूठ बोला कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हो गई है। इस तरह की घटनाओं को देखकर हर रोज मन गुस्सा से भर जाता है। भाजपा नेताओं को अब झूठे प्रचार से बाहर आना चाहिए।' इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने मांग की कि राज्य की भाजपा सरकार को पद छोड़ देना चाहिए।अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, 'उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाये जाने के दुस्साहस की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार का सामूहिक इस्तीफा होना चाहिए। माननीय न्यायालय से गुहार है कि वो इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के समुचित उपचार व सुरक्षा की तत्काल व्यवस्था के निर्देश दे।'महिला आयोग ने डीजीपी को लिखा पत्र

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्लू) ने भी अपनी चेयरपर्सन रेखा शर्मा के साथ राज्य के डीजीपी ओ पी सिंह को पत्र लिखा। उन्होंने पुलिस से पिछले तीन सालों महिलाओं के साथ हुए जघन्य अपराध की रिपोर्ट मांगी। वहीं,एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी गुरुवार को इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया और केंद्र को घटना का तत्काल संज्ञान लेने के लिए कहा। पवार ने ट्वीट किया, 'यह सुनकर बहुत धक्का लगा कि जिस लड़की ने उन्नाव में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी, उसे आग लगा दी गई। पीड़िता अपने जीवन के लिए जूझ रही है। अगर समय रहते दोषियों पर कार्रवाई की जाती तो ऐसा नहीं होता। केंद्र सरकार के गृह विभाग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।

Posted By: Mukul Kumar