भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली के दौरान यह जानकारी दी। इस रैली में मयंक भी उपस्थित रहे।

आजमगढ़ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है। इसकी जानकारी समाजवादी पार्टी के (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली में दी। जहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा , "भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।"

बेटे के लिए मांगा था टिकट, 2017 में जीता था चुनाव
इससे पहले जनवरी में रीता बहुगुणा जोशी ने लखनऊ छावनी सीट से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में अपने बेटे के लिए भाजपा से टिकट मांगा था। इसके बाद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा था कि अगर उनके बेटे को लखनऊ कैंट सीट से टिकट नहीं मिला तो वह अपनी लोकसभा सदस्यता छोड़ देंगी। इसके बाद जब उनके बेटे को टिकट नहीं दिया गया तो उन्होंने कहा कि वह "पार्टी के फैसले का सम्मान करती हैं।"रीता बहुगुणा जोशी ने 2017 का चुनाव लड़ा था और लखनऊ छावनी से तत्कालीन सपा उम्मीदवार अपर्णा यादव को हराया था।

403 सीटों के लिए सात चरणों में हो रहा है चुनाव
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू हो चुका है।उत्तर प्रदेश में छह चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 मार्च को मतदान हुआ था। सातवें चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari