UP Assembly Elections 2022 : बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़ दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए टि्वटर पर अपना इस्तीफा पोस्ट किया है।

नई दिल्ली (एएनआई)। UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को अपनी का साथ छोड़ दिया। आरपीएन सिंह ने ट्विटर पर सोनिया गांधी को संबोधित अपना त्याग पत्र पोस्ट किया, जिसमें लिखा कि आज जब हम अपने महान गणराज्य के गठन का जश्न मना रहे हैं, मैं अपनी राजनीतिक यात्रा में एक नया अध्याय शुरू करता हूं। जय हिंद। वहीं इस्तीफे से पहले आरपीएन सिंह ने अपने ट्विटर बायो को भी चेंज कर दिया है।
पडरौना के राजा साहब कहे जाते हैं आरपीएन सिंह
कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह, जिन्हें पडरौना के राजा साहब के नाम से जाना जाता है, गृह मंत्रालय में पूर्व राज्य मंत्री थे। वह 15वीं लोकसभा (2009-2014) में कुशीनगर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद थे। आरपीएन सिंह कुशीनगर (पडरौना) के सैंथवार के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सीपीएन सिंह भी पुराने कांग्रेसी थे। उत्तर प्रदेश के पडरौना निर्वाचन क्षेत्र (1996-2009) से विधायक थे। आरपीएन सिंह वर्ष 1996 से 2009 तक विधायक रहने के बाद कुशीनगर से 15वीं लोकसभा सदस्य बने थे।

कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता
पडरौना के राजा साहब के रूप में लोकप्रिय कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रभारी, आरपीएन सिंह 2012 से 2014 तक राज्य मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। हालांकि 16वीं लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी के राजेश पांडेय से हार गए। दून स्कूल के पूर्व छात्र ने 2003-2006 तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में भी काम किया है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आरपीएन सिंह का पार्टी से बाहर होना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका होगा।

आरपीएन सिंह से पहले ये नेता छोड़ चुके हैं कांग्रेस
गौरतलब है कि पिछले एक साल में जितिन प्रसाद, लुइजिन्हो फलेरियो, सुष्मिता देव, कीर्ति आजाद और अशोक तंवर जैसे बड़े नाम भी कांग्रेस से अलग हो गए हैं। जितिन प्रसाद ने जून 2021 में भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस छोड़ दी थी और जल्द ही उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभार दिया गया था। वहीं अगस्त 2021 में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व प्रमुख सुष्मिता देव ने तृणमूल कांग्रेस में प्रवेश किया था।

Posted By: Shweta Mishra