कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को बाराबंकी से तीन 'प्रतिज्ञा यात्राओं' को हरी झंडी दिखाएंगी। ये यात्राएं 23 अक्टूबर से 1 नवंबर तक निकाली जाएंगी। यहां पढ़ें क्या कांग्रेस की ये प्रतिज्ञा यात्राएं यूपी के किन-किन जिलों में होंगी।


लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को बाराबंकी से तीन 'प्रतिज्ञा यात्राओं' को हरी झंडी दिखाएंगी। यात्राएं 23 अक्टूबर से 1 नवंबर तक निकाली जाएंगी। कांग्रेस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रतिज्ञा यात्रा बुंदेलखंड क्षेत्र के बाराबंकी से शुरू होगी और लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर और जालौन होते हुए झांसी में समाप्त होगी। इसी तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, हाथरस, आगरा और मथुरा होते हुए चलेगी। चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अमेठी होते हुए रायबरेली में समाप्त होगी।मोबाइल फोन और स्कूटी देने का वादा
इन प्रतिज्ञा यात्राओं के दौरान प्रियंका कई सभाएं करेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका यात्रा के दौरान शिक्षा और नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण, महिलाओं के लिए मुफ्त शिक्षा, किसानों की कर्जमाफी और बिजली दरों में छूट जैसी घोषणाएं कर सकती हैं। उन्होंने पहले घोषणा की थी कि कांग्रेस चुनाव के दाैरान राज्य में महिलाओं को कुल चुनावी टिकट में 40 फीसदी हिस्सा देगी। इसके अलावा उन्होंने छात्राओं को मोबाइल फोन और स्कूटी देने का भी वादा किया है। कांग्रेस की विशेष रूप से महिला मतदाताओं पर नजर है और जाति आधारित राजनीति को बेअसर करने के लिए सचेत प्रयास भी कर रही है।

Posted By: Shweta Mishra