उत्तर प्रदेश के संभल में कक्षा 10 में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी प्रेमिका पर शादी का दबाव बना रहा था। मना करने पर पहले उसका अपहरण किया और फिर जंगल में ले जाकर हत्या कर दी।

संभल (आईएएनएस)। यूपी के संभल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा 10 में पढ़ने वाले एक लड़के ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्या को अंजाम देने की वजह लड़की का शादी से इनकार करना था। मृतका नाबालिग भी थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब उसका शव संभल जिले के एक जंगल में पेड़ से लटका मिला। कुछ लोगों का कहना है लड़की बुधवार की रात अपने पड़ोसी 18 वर्षीय अर्जुन कुमार के साथ भाग गई थी और पुलिस को गुरुवार की रात शव मिला। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और लड़की के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आरोपी ने खुद को भी मारने का किया प्रयास
पुलिस अधिकारी कृष्ण कांत सरोज ने कहा, "लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को आरोपी ने अगवा कर लिया और बाद में जंगल में ले जाकर मार डाला। हमने हत्या के लिए आरोपी को बुक कर लिया है और उसे हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसने लड़की के साथ खुद को मारने का भी प्रयास किया था। लेकिन ढीली रस्सी के कारण बच गया था। उसने कबूल किया कि वह बाद में खुद को मारने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हम जांच जारी रखेंगे और आरोपी को जल्द ही जेल भेज दिया जाएगा।'

रिश्ते के खिलाफ थे घरवाले
पुलिस के अनुसार, लड़की कक्षा 9 की छात्रा थी और कहा जाता है कि वह आरोपी के साथ रिलेशनशिप में थी, जो कक्षा 10 का छात्र है। लड़की का परिवार चाहता था कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखे, जबकि आरोपी उसे शादी के लिए मजबूर कर रहा था। लड़की के परिवार के लोग भी रिश्ते के खिलाफ थे। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए गांव के बुजुर्गों की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई लेकिन प्रयास निरर्थक साबित हुए।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari