उत्तर प्रदेश में पत्रकार की हत्या केस में एक पुलिस अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं मृतक के पिता की शिकायत पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बलिया (पीटीआई)। यूपी में एक हिंदी समाचार चैनल के पत्रकार की हत्या का मामला बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को कहा, इस केस में एक पुलिस अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है जबकि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय यादव ने कहा, मृतक पत्रकार रतन सिंह (45) के पिता द्वारा 10 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर, छह आरोपी - सुशील सिंह, दिनेश सिंह, अरविंद सिंह, सुनील सिंह, वीर बहादुर सिंह और विनय सिंह को अब तक गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने और शोक संवेदना व्यक्त करने की घोषणा की है। लखनऊ में एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

गोली मारकर की गई हत्या
रतन सिंह की सोमवार रात फेफना थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एएसपी ने कहा कि फेफना के थाना प्रभारी शशि मौली पांडे को निलंबित कर दिया गया है और शेष आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। एएसपी ने कहा कि पत्रकार के पिता विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि उसी गांव के सोनू सिंह ने रात करीब 8 बजे उनके बेटे को फोन किया और उसे अपने घर पर बुलाया जहां आरोपी लाठियां और एक रिवाल्वर के साथ इंतजार कर रहे थे और उन्होंने रतन सिंह की हत्या कर दी।

हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी
इस बीच, बलिया वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने मृतक की पत्नी के लिए 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि और सरकारी नौकरी की मांग की है।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने सोमवार रात कहा था कि रतन सिंह का अपने पड़ोसी के साथ संपत्ति का विवाद था और दोनों के बीच लड़ाई के बाद, उन्हें गोली मार दी गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आरोपी दिनेश सिंह रतन सिंह का परवरिशकर्ता (संरक्षक) है। झगड़े का कारण पत्रकार की हत्या है, जो पड़ोसी के साथ पुरानी दुश्मनी और संपत्ति का विवाद है।" उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि रतन सिंह की हत्या का उनके पत्रकार होने से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई भी आरोपियों के खिलाफ सुनिश्चित की जाएगी।"

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari