उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जगहों पर बारिश हुई। वहीं आने वाले 48 घंटों में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बारिश / गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।

लखनऊ (पीटीआई)। उत्तर प्रदेश में आज माैसम ने अचानक से करवट ली है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़े हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश देखी गई। वहीं माैसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले 48 घंटों में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तर प्रदेश में गरज और तेज हवाओं (30 से 40 किमी प्रति घंटे) के साथ 16 जून को राज्य में अलग-थलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके अलावा 17 जून और 18 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश / गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।

देश के अन्य राज्य भी बारिश से भीगेंगे

वहीं प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान देश के अन्य राज्य भी बारिश से भीगेंगे। इसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक, उत्तरी केरल, कोंकण और गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। वहीं आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, पूर्वी उत्तर प्रदेश, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में बारिश की उम्मीद है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क रहेगा।

Posted By: Shweta Mishra