आगरा। गंगाजल आने के बावजूद अभी भी एक तिहाई शहर की जनता को पेयजल नसीब नहीं हो पा रहा है। जल निगम द्वारा इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में गंगाजल की आपूर्ति के लिए पुरानी जर्जर हो चुकी पाइपलाइन को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए 175 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव में जर्जर पाइपलाइन को दुरुस्त करने के अलावा 80 किमी। लम्बी पाइपलाइन भी डाला जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के तहत जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से ताजगंज तक 142 करोड़ की लागत से पाइपलाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। हालांकि अभी इसमें डीपीआर तैयार कर अनुमति होना शेष है।

मेन राइजिंग को किया जाएगा ठीक

शहर में तकरीबन 1300 किमी। में पाइपलाइन का जाल बिछा हुआ है। इसमें ज्यादातर पाइपलाइन पुरानी होने के कारण जर्जर हो चुकी है। अब जल निगम ने एक हजार किमी। लम्बी पाइप लाइन को दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव तैयार हुआ है। इसमें मेन राइजिंग को सही किया जाएगा। जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स तक गंगाजल पहुंचाने के लिए 160 मी। की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। सोमवार को भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय और पुरुषोत्तम खंडेलवाल जाजया लेने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली तो बताया कि पेयजल आपूर्ति में 7-8 महीने लग जाएंगे। हमें 200 एमएलडी पानी तो मिल जाएगा, लेकिन व्यवस्था न होने से 135 एमएलडी का ही वितरण हो पाएगा।

हर रोज लाखों लीटर पानी हो रहा बर्बाद

शहर में पाइपलाइन जर्जर होने से हर रोज लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है.मदिया कटरा चौराहे पर आए दिन पानी बर्बाद होता है। अभी तक उसको दुरुस्त नहीं किया जा सका है, जबकि उसका टेंडर गत महीने ही हो चुका है। उसके बाद भी मेन राइजिंग को सही नहीं किया जा सका है। शाहगंज, बालाजीपुरम, केदार नगर आदि ऐसे इलाके हैं, जहां पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। भाजपा के ब्रज क्षेत्र के मीडिया प्रभारी केके भारद्वाज ने बताया कि गंगाजल आने से पहले पेयजल की आपूर्ति होती थी। गंगाजल आने के बाद आपूर्ति बंद हो गई। लाइन बिछाने के दौरान सीवर की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसके बाद आपूर्ति बंद है।

जीवनी की मंडी वाटर व‌र्क्स प्लांट:

- 03 प्लांटों की संख्या

- 45 एमएलडी का एक प्लांट

-90 एमएलडी का दूसरा प्लांट

- 90 एमएमडी का तीसरा प्लांट

-225 एमएलडी कुल आपूर्ति

- 135 एमएलडी पानी की आपूर्ति का दावा

- 50 फीसदी पानी शोधन में वेस्ट हो रहा है।

सिकंदरा प्लांट

288 कुल एमएलडी के दो प्लांट

144 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति हो रही है

- एक प्लांट अभी तैयार किया जा रहा है।

- 100-120 एमएलडी पानी की आपूर्ति

- 1.27 लाख नल कनेक्शन

विधायक बोले-सीएम से करेंगे कम्प्लेन

सोमवार को भाजपा के दो विधायक जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स गंगाजल वितरण के लिए पाइपलाइन की प्रगति देखने पहुंचे। इस दौरान विधायक योगेन्द्र उपाध्याय और पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जल निगम के अधिकारियों से जानकारी ली। जानकारी से संतुष्ट न होने पर उन्होंने दोषी अधिकारियों की सीएम योगी आदित्यनाथ से लिखित कंप्लेन करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर 200 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलेगा। लेकिन उसमें से केवल 135 एमएलडी पानी की ही आपूर्ति हो सकेगी।

एनएचएआई के लिए एनओसी लेट मिली। इसके बाद बारिश हो गई, जिसके कारण पाइपलाइन बिछाने के काम में देरी हुई है। अब इसे जल्द पूरा किया जाएगा।

आरके गर्ग, मुख्य अभियंता, जल निगम

Posted By: Inextlive