आगरा। शहर में कोहरा जानलेवा होने लगा है। बुधवार को हाइवे और एक्सप्रेस वे सहित कई स्थानों पर घने कोहरे के कारण वाहन आपस में टकरा गए। हादसों में कई लोग घायल भी हो गए। लगभग 11 बजे तक कोहरे की घनी चादर छाई रही। विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। सुबह नौ बजे तक तो वाहनों को अपनी लाइट्स जलाए रखनी पड़ गई। सड़कों पर वाहन कतार में चलते हुए नजर आए।

हाइवे पर घने कोहरे से टैंकर और मेटाडोर भिड़ी

सिकंदरा हाइवे पर घना कोहरा होने के कारण तीन वाहन आपस में भिड़ गए, जिसमें दो वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। वहीं गैस रिसाव की स्थिति को कंट्रोल किया गया है।

घना कोहरा बना दुर्घटना का कारण

घटना बुधवार सुबह करीब छह बजे की है। मथुरा से आगरा की ओर आ रहा गैस से भरा कैप्सूल टैंकर रुनकता के पास आगे चल रही बस में पीछे से घुस गया, जिससे टैंकर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, चालक केबिन में फंस गया। पुलिस घायल चालक को बाहर निकाल रही थी कि तभी पीछे से आ रही मेटाडोर टैंकर में घुस गई। जिससे उसकी भी केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कैंटर चालक दिलशाद निवासी प्रतापगढ़ को गंभीर हालत में राहगीरों की मदद से बाहर निकाल कर हॉस्पीटल भिजवाया। वहीं मेटाडोर चालक को भी पुलिस ने अस्पताल भिजवाया।

गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी

हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ गैस से भरा कैप्सूल टैंकर से गैस रिसाव होने लगा। इसके कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मेटाडोर ने जैसे ही टैंकर को टक्कर मारी टैंकर का बाल्व लीक हो गया, जिससे गैस रिसाव शुरू हो गया। गैस रिसाव की वजह से हड़कंप मच गया। पुलिस ने हाइवे की एक लेन बंद कर दी तथा वाहनों को दूसरी लेन से निकाला गया। सूचना पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। गैस कंपनी के लोगों ने मौके पर पहुंच कर गैस रिसाव बंद किया।

खाई में पलटी बोलेरो

कोहरे के चलते शमसाबाद के नयाबांस चन्दीपुरा मार्ग पर सड़क के बगल में बनी खाई में बोलेरो पलट गई। बताया जाता है कि ग्राम चन्दीपुरा निवासी रामदत्त अपने पुत्र संतोष की बहू को डॉक्टर को दिखाने शमसाबाद आया था। यहां डॉक्टर ने उसे आगरा ले जाने की सलाह दी। वह अपने गांव से पैसे लेने गया। गांव से वापस आते समय कोहरा होने के कारण असंतुलित बोलेरो खाई में पलट गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने किसी तरह बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे में राजकुमार, ब्रह्माचारी और रामदत्त घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

बाइक सवार घायल

इधर किरावली से रुनकता की ओर आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ। बाइक सवार का नाम दीपक पुत्र छीतो निवासी खडवाई बताया गया है। वह एक जूता फैक्ट्री में कारीगर है। सुबह वह बाइक से फैक्ट्री के लिए आ रहा था तभी यह हादसा हो गया। हादसे में घायल होने के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस ने मामले को संभाल लिया और लोगों का गुस्सा शांत कराकर जाम खुलवाया। पुलिस ने घायल जूता कारीगर को अस्पताल में भर्ती कराया।

एक्सप्रेस वे पर भी हुई भिड़ंत

घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह कई गाडि़यां भिड़ गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य थी जिसके कारण एक्सप्रेस वे पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। एक्सप्रेस वे के मथुरा क्षेत्र में घने कोहरे में एक के बाद एक कई वाहन भिड़ गए। हादसे में फिरोजाबाद हिमायूंपुर निवासी प्रमोद राठौर, पीतमपुरा दिल्ली निवासी मान बहादुर, मयूर विहार फेस वन नई दिल्ली निवासी सुनील शर्मा सहित कई लोग घायल हो गए।

Posted By: Inextlive