आगरा। सिकंदरा गेस्ट हाउस हत्याकांड में पुलिस गेस्ट हाउस के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इन कर्मचारियों से पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही है। वहीं, सिकंदरा इलाके की कॉलोनियों में खुले गेस्ट हाउस और होटलों की सूची पुलिस तैयार कर रही है। इन सबके खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

सिकंदरा तिराहे के पास सिकंदरा गेस्ट हाउस में 21 सितंबर की सुबह प्रीति (39 वर्ष) की उसके दोस्त लाखन ने हत्या कर दी थी। आरोपित लाश को कमरे में छोड़कर भाग गया था। होटल के स्टाफ ने हत्या की सूचना दो घंटे बाद पुलिस को दी थी। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारोपित लाखन को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के बाद गेस्ट हाउस के कर्मचारी की भूमिका भी शक के दायरे में आ गयी। हत्यारोपित का कहना था कि उसने गेस्ट हाउस में बिना आइडी दिए कमरा लिया था। आइडी गेस्ट हाउस के स्टाफ ने खुद लगायी थी। उसने पहले भी कई बार गेस्ट हाउस में बिना आइडी के कमरा लिया था।

इन तथ्यों की कर रही जांच

-घटना के समय वहां कितना स्टाफ मौजूद था।

-सूचना देर से देने के पीछे क्राइम सीन को मैनेज करना तो नहीं था।

-फर्जी आइडी किसके कहने पर लगाई थी।

-गेस्ट हाउस में एक साल के दौरान रुकने वाले लोगों का रिकार्ड।

सिकंदरा क्षेत्र और उसकी कॉलोनियों में जो भी गेस्ट हाउस बिना लाइसेंस चल रहे हैं। पुलिस उन्हें बंद कराने के साथ ही उनकी रिपोर्ट प्रशासन को भेजेगी।

बोत्रे रोहन प्रमोद एसपी सिटी

Posted By: Inextlive