ताजगंज में लगे 41वें हुनर हाट में शनिवार को फेमस सिंगर अल्ताफ राजा ने अपने गानों से शाम को सुरमयी बना दिया. इश्क में हम तुम्हें क्या बताएं... किस कदर चोट खाए हुए हैैं समेत कई गानों पर दर्शक झूम उठे. इसके साथ ही स्टार सिंगर हेमा सरदेसाई ने भी अपने गानों पर दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया. उन्होंने आवारा भंवरे धीरे-धीरे गाएं जैसे गाने गाए. इन गानों को दर्शकों ने खूब पसंद किया.

आगरा। हुनर हाट के सांस्कृतिक मंच पर एक शाम में तीन-तीन स्टार देखकर आगराइट्स की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जमकर वीकेंड में शाम को एंज्वॉय किया। अल्ताफ राजा और हेमा सरदेसाई के बाद भूमिका मलिक ने भी अपने गीतों से जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया। हुनर हाट में आए नीरज ने बताया कि उन्हें यहां आकर काफी अच्छा लग रहा है। उन्होंने अल्ताफ के गानों को काफी एंज्वॉय किया।

सर्कस का भी उठाया लुत्फ
वीकेंड के अवसर पर हुनर हाट में दर्शकों के लिए क्राफ्ट और कल्चर के साथ-साथ एंटरटेनमेंट को डोज को हाई रखा गया। यहां पर शाम को छह बजे से सर्कस शुरु हो गया। इसके बाद लेजर शो का आयोजन हुआ। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके वाद कई फेमस डांसरों ने डांस किया। रात साढ़े आठ बजे से तीनों स्टार सिंगरों ने मोर्चा संभाल लिया। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।


- हुनर हाट में पहुंचकर शिल्पियों की दुकान से की शॉपिंग
-विदेशियों के भी आकर्षण का केंद्र बना हुनर हाट
अमित शाह की पत्नी पहुंची हुनर हाट
आगरा। शिल्पग्राम में लगे हुनर हाट में शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह की पत्नी सोनल शाह भी पहुंच गईं। उन्होंने यहां पर पहुंचकर शिल्पियों की दुकानें देखीं। इसके साथ ही मेरा गांव मेरा देश सेक्शन में जाकर भारत के विभिन्न जायकों का स्वाद भी लिया। उन्होंने यहां पर आकर खूब शॉपिंग की। वे आगरा आने के दौरान ताजमहल भी गईं।

विदेशी भी पसंद कर रहे हुनर हाट
ताजगंज में लगे 41वें हुनर हाट को देश ही नहीं बल्कि विदेश से आने वाले लोग भी खूब पसंद कर रहे हैं। हर दिन आगरा और आस-पास के जिलों से बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के अलावा विदेशी सैलानी भी बड़ी संख्या में हुनर हाट को देखने शिल्पग्राम पहुंच रहे हैं।

फूड कोर्ट कर रहे पसंद
हुनर हाट में तरह-तरह के शानदार परम्परागत हस्तनिर्मित स्वदेशी उत्पादनों से सजे स्टॉल तो लोगों को लुभा ही रहे हैं, ख़ास तौर पर बनाये गए दो फूड कोर्ट के स्टॉल भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। दोनों फ़ूड कोर्ट- मेरा गांव, मेरा देश और बावर्चीखाना में देश भर के लजीज पारंपरिक व्यंजनों के करीब 65 स्टॉल लोगों के लिए उपलब्ध हैं जहां लगभग हर राज्य के मशहूर पारंपरिक लजीज व्यंजन उपलब्ध हैं जिनका लोग भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।

अलग-अलग जायके
हुनर हाट में कुल्फी, शिकंजी, लस्सी, कुल्हड़ चाय, तंदूरी चाय से लेकर बिहार का लिट्टी चोखा, दिल्ली के छोले भटूरे, राजमा-चावल, हरियाणा की स्पेशल रबड़ी जलेबी, दिल्ली की चाट, राजस्थान का दाल-बाटी चूरमा, महाराष्ट्र का वड़ा पाव, कर्नाटक के पारंपरिक पकवान और अन्य तमाम तरह के लजीज व्यंजन मौजूद हैं। अगर आप देश भर के अलग अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेना चाहते हैं तो आपको ये मौका हुनर हाट दे रहा है।

कुशल कारीगर तैयार कर रहे व्यंजन
वेज फूड के अलावा नॉन वेज फूड के कई स्टॉल भी हुनर हाट में हैं। नॉन वेज मेन्यू की बात करें तो यहाँ शानदार सीक कबाब, गलाउटी कबाब, मसाला मटन और हैदराबादी बिरयानी बहुत साफ़-सुथरे तरीके से मिल रही है और लोग इसका जी भर के जायका ले रहे हैं। फूड कोर्ट के हर स्टॉल पर परंपरागत कुशल कारीगरों द्वारा खाना और पकवान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा आयोजकों की तरफ से साफ-सफाई और बैठ कर खाने की उचित व्यवस्था भी की गई है जिससे किसी को कोई परेशानी न हो।

Posted By: Inextlive