- डीजीपी बोले, इन जिलों में किए गए हैं कानून व्यवस्था बनाने को खास इंतजाम

- अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स की भी की जाएगी तैनाती

आगरा। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह का कहना है कि अयोध्या फैसले को लेकर संवेदनशील 21 जिलों में आगरा भी शामिल है। इसीलिए यहां कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। केंद्र से इन जिलों में तैनाती के लिए अतिरिक्त पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स मांगा गया है। कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिये प्रदेश में पुलिस और जनता के बीच की दूरी पाटने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शुक्रवार को आगरा आए डीजीपी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अयोध्या मामले पर न्यायालय का फैसला आना है। अयोध्या में परिक्रमा भी चल रही है। 10 नवंबर को बारावफात के जुलूस निकाले जाएंगे। इसके बाद 11 और 13 नवंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर कार्तिक पूर्णिमा का आयोजन होगा। इसलिए पुलिसिंग को सुदृढ़ किया गया है। प्रदेश में हॉट स्पॉट चिह्नित कर लिए गए हैं। असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है।

डीजीपी ने बताया कि आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर समेत प्रदेश के 21 जिले संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। यहां खास इंतजाम किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार से 40 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स मांगी गई है। आरएएफ भी मांगी है। इनकी ड्यूटी संवेदनशील जिलों में लगाई जाएगी। डीजीपी ने बताया कि सभी एसएसपी के साथ एडीजी, आइजी और डीआइजी को भी क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं। हम कानून के हिसाब से सभी चुनौतियों का सामना करने को पूरी तरह तैयार हैं।

सोशल मीडिया पर 673 खुराफातियों की निगरानी

प्रदेश में 673 खुराफाती पुलिस ने चिह्नित किए हैं। ये सभी पूर्व में भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर डाल चुके हैं। ऐसे सभी लोगों पर पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का सोशल मीडिया सेल एक्टिव है। पुलिस मुख्यालय से भी तत्काल इन पर संज्ञान लिया जा रहा है।

Posted By: Inextlive