- चांदमारी टीला के पास खेतों में सत्संगियों ने किया श्रमदान

- सुबह चार बजे से खेतों में रही चहल-पहल, बच्चों ने पेश की कव्वाली

आगरा: कड़ाके की ठंड में सुबह चार बजे से चांदमारी टीला के पास खेतों में चहल-पहल थी। सत्संगियों का जोश के आगे जैसे ठंड भी काफूर हो गई। खुशनुमा सा अहसास कराती एक नई सुबह ने दस्तक दी। छोटे-छोटे बच्चे तैयार होकर हंसते मुस्काराते हुए खेतों में पहुंच रहे थे। यह नजारा था दयालबाग के तीन दिवसीय वसंतोत्सव कार्यक्रम के शुरुआत पर रविवार सुबह खेतों में आयोजित बेबी शो का। खेतों में सेवा के लिए सत्संगियों का सैलाब उमड़ा। इस दौरान खुद गुरु महाराज ने भी खेतों में श्रमदान किया। वहीं, बेबी शो में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को आशीर्वाद भी दिया।

बच्चों ने पेश की कव्वाली

रविवार को दयालबाग के वसंतोत्सव का आगाज हो गया। पहले दिन का उत्सव चांदमारी टीला के पास स्थित खेतों में सेवा कर मनाया गया। सुबह से ही सत्संगियों के भारी हुजूम ने खेतों में पहुंचना शुरू हो गया। बच्चो, बुजुर्ग और जवान सभी ने उत्साह के साथ खेतों में श्रमदान किया। महिलाएं भी किसी से पीछे नहीं रहीं। राधास्वामी मत के सभी अनुयायी खेतों में श्रमदान के लिए पहुंचे। सुबह करीब साढे़ पांच बजे बेबी शो की शुरुआत कव्वाली के साथ हुई। बेबी शो दो भागों में संपन्न हुआ। पहले भाग में सौन्दर्य, बुद्धि और स्वास्थ्य परीक्षण की प्रतियोगिताएं व दूसरे भाग में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। सौंदर्य प्रतियोगिता में 62 बालिका व 66 बालकों और फैंसी ड्रेस में 29 बच्चों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम का सभी ब्रांचों में लाइव प्रसारण हुआ।

कोई पेड़ तो कोई बना कोरोना वॉरियर

कोई औषधीय पौधे का रूप रखे था तो कोई सिपाही का। किसी ने दयालबाग के खेत का रूप धारण किया था तो किसी ने कोरोना वॉरियर का। सबको गुरू महाराज के सामने प्रस्तुति दी। करीब एक घंटा कार्यक्रम चला। गुरू महाराज प्रो। पीएस सत्संगी व रानी साहिबा ने सबको आशीर्वाद देकर उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। खेतों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई मास्क और हेलमेट लगाया हुआ था। खेतों में श्रमदान के दौरान शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया। सभी लोगों ने अनुशासन में रहते हुए काम किया।

ये रहे विजेता

बेबी शो में विजेताओं का निर्धारण सौंदर्य, बुद्धि और स्वास्थ्य के आधार पर किया गया। फैंसी ड्रेस में एक से दो वर्ष ग्रुप में सहज शर्मा प्रथम, परमी धुन अमोली द्वितीय, दो से चार वर्ष ग्रुप में आरत सत्संगी प्रथम, बी आरती द्वितीय व नरगिस तृतीय रहीं। चार से छह वर्ष ग्रुप में परम स्वरूप सिन्हा प्रथम, तीरथ बानी द्वितीय व बी शब्द सत्संगी तृतीय रहे। छह से आठ वर्ष ग्रुप में समृद्ध सग्गर प्रथम, अमृत सतसंगी द्वितीय व अचरज तृतीय स्थान पर रहे। वहीं तीन सप्ताह से एक वर्ष में सोहंग, 1 से 2 वर्ष में दयाल अनुपमा, 2 से 4 वर्ष में निज न्यारा, 4 से 6 वर्ष मे संत सुधीर व 6 से आठ वर्ष में शबद स्वरूप सत्संगी चैंपियन रहे।

जिमनास्टिक प्रतियोगिता आज

वसंतोत्सव में सोमवार को दोपहर दो बजे जिम्नास्टिक प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा खेतों में डाक विभाग के मुख्य अधीक्षक आनंद कुमार सिंह दयालबाग पर एक विशेष कवर का विमोचन करेंगे।

Posted By: Inextlive