- सब्जी मंडी अंडरपास शुरू नहीं होने से रॉन्ग साइड में आ रहे वाहन

- बढ़ी दुर्घटनाओं की आशंका, फ्लाईओवर के पास भी बन गया ब्लैक स्पॉट

आगरा। हाईवे पर कई जगह खतरनाक कट मौत के स्पॉट में बदल गए हैं। यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसमें कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग मौत के इन स्पॉट पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। सर्दी में कोहरे के चलते ये स्पॉट और खतरनाक हो गए हैं। शुक्रवार को दैनिक जागरण आईनेक्स्ट टीम ने हाईवे पर जायजा लिया तो लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन कट से गुजरते दिखे। इस दौरान न तो कोई पुलिसकर्मी दिखा और न ही लाइटिंग की व्यवस्था प्रॉपर मिली। गौरतलब है कि हाल ही में हाईवे पर दो अलग-अलग हादसों में चाचा-भतीजे की मौत हो गई, वहीं डौकी में डंपर से टकराने पर दो बाइक सवार घायल हो गए थे, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

रात 9. 15 बजे

नहीं लगाया गया साइन बोर्ड

इंडस्ट्रीयल एरिया में फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। यह फ्लाईओवर आगरा-दिल्ली हाईवे और इंडस्ट्रीयल एरिया को जोड़ता है। संबंधित विभाग की ओर से फ्लाईओवर को शुरू कर दिया गया है। लेकिन दोनों साइड जहां फ्लाईओवर शुरू और खत्म होता है, वहां फ्लाईओवर का कोई भी साइन बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे हाईवे से तेज गति से गुजरने वाले वाहन फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों से टकरा रहे हैं। घने कोहरे में हादसे की आशंका और बढ़ गई है

रात 9. 30 बजे

कई गंवा चुके हैं हादसे में जान

सब्जी मंडी अंडरपास का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक सíवस रोड से दूसरी ओर जाने के लिए कट का इस्तेमाल कर रहे हैं। पूर्व प्रधान नीरज यादव का कहना है कि अभी तक कट से गुजरने पर तीन दोपहिया वाहन चालकों की मौत हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। क्योंकि हाईवे पर अधिकतर कटों को बंद कर दिया गया है, ऐसे में शॉर्टकट के लिए वाहन चालक अंडरपास के कट का जान जोखिम में डालकर इस्तेमाल कर रहे हैं।

रात 10. 00 बजे

फ्लाई ओवर से पहले बने कट पर भार बढ़ा

सिकंदरा से फ्लाईओवर की ओर आने पर एक मात्र कट है, जो एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए है। ऐसे में कट पर वाहनों की संख्या अधिक रहती है। यहां हाईवे पर तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहनों की चपेट में आने से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं।

वर्जन

हाईवे पर स्ट्रीट लाइट लगी हैं। इसके बाद भी वाहनों में रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाने के लिए कहा गया है। स्पीड कंट्रोल करने के लिए भी गाइडलाइन जारी की हैं। घने कोहरे के चलते वाहन टकाराने से दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में वाहन चालकों को रॉन्ग साइड वाहन चलाने से बचना होगा।

प्रमोद कुमार, आरटीओ

ऐसे जो भी स्पॉट, जहां आए दिन हादसे सामने आते हैं, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है। अगर कोई स्पॉट है, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था को दिखवाया जाएगा। पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

आनंद ओझा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर

Posted By: Inextlive