-परिवार में इकलौता बेटा था मृतक छात्र

आगरा। दयालबाग स्थित पोइया घाट यमुना नदी में गुरुवार को मिला शव भानु शर्मा उर्फ राजा का था। वह आरबीएस कॉलेज से बीएससी कर रहा था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होना बताया गया है।

पीएम पर की मृतक की शिनाख्त

श्याम विहार कॉलोनी कबीर एन्क्लेव दयालबाग निवासी 25 वर्षीय भानु शर्मा बुधवार शाम चार बजे घर से निकलने के बाद नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद भी जब उसका सुराग नहीं लगा तो गुरुवार दोपहर थाना न्यू आगरा पहुंचे। यहां भानु के लापता होने की जानकारी दी। इसी दौरान पुलिस ने मिलते जुलते हुलिए के युवक का शव यमुना में मिलने की जानकारी दी तो परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे। यहां शव को देख उसकी पहचान भानु के रूप में की।

चाचा से विवाद के चलते था डिप्रेशन

परिजनों ने बताया कि भानु आरबीएस कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह परिवार में इकलौता था। भानु की बड़ी बहन निक्की सेंट जॉन्स कॉलेज में बीकॉम फाइनल की छात्रा है। मेरठ निवासी मामा शरद शर्मा ने पुलिस को बताया कि भानु का अपने परिवार के लोगों से विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह डिप्रेशन में रहता था। परिवार के लोगों की अन्य किसी से कोई रंजिश नहीं है।

सात वर्ष पहले पिता हो चुके हैं लापता

भानू के घर से निकलने के बाद उसकी मौत कैसे हुई, उसकी जानकारी उन्हें नहीं है। परिजनों ने पुलिस को यह भी जानकारी दी थी कि मृतक भानु के पिता मधु शर्मा पिछले सात साल से लापता हैं। उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। मां प्राइवेट नौकरी कर बेटे और बेटी को अपने पैरों पर खड़े करने के उद्देश्य से पढ़ाई करा रही थीं। भानु की मौत से परिवार में शोक व्याप्त है।

वर्जन

पारिवारिक मनमुटाव के चलते भानु शराब पीने लगा था। बुधवार को घर से झगड़ा कर निकला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होना पाया गया है। मामला आत्महत्या या हादसे का है, इसकी जांच की जा रही है।

उमेश चंद्र त्रिपाठी, इंस्पेक्टर न्यू आगरा

Posted By: Inextlive