- एसएसपी बबलू कुमार ने थाना हरीपर्वत में किया मंथन

- सीसीटीवी कैमरे और पिंक टॉयलेट के लिए स्थान चिह्नित

आगरा। सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत शुक्रवार को एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत गलियों और ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के लिए कहां जहां महिला टॉयलेट की जरूरत है।

अब चौराहों पर होंगे पिंक टॉयलेट

महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्मार्ट सिटी के साथ ही अब सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत भी कार्य होंगे। महिला सुरक्षा को लेकर ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट के तहत पिंक बूथ और सिटी बसों में जीपीएस, कैमरे व पैनिक बटन लगाए जाने हैं। एसएसपी ने इस संबंध में शुक्रवार दोपहर बैठक ली। इसमें उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से छूटे स्थानों को चिह्नित करने को कहा।

बसों में जीपीएस के साथ लगेंगे पैनिक बटन

बैठक में पिंक बूथ बनाने को चौराहों की सूची तैयार करने को कहा और सिटी बसों में कैमरे, जीपीएस व पैनिक बटन लगाने को चिह्नित करने के निर्देश दिए। इंटीग्रेटेड पुलिस कंट्रोल रूम को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद, एएसपी अभिषेक अग्रवाल और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, नगर निगम और परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

सेफ सिटी के अंतर्गत प्रस्तावित प्रोजेक्ट

-सेफ सिटी के तहत सिटी बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए जाएंगे। संकट की स्थिति में महिला पैनिक बटन दबाएंगी तो कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी। ये पैनिक बटन इस तरह के होंगे कि महिला बोलकर भी अपनी समस्या बता सकेंगी, इसे कंट्रोल रूम पर नोट किया जाएगा। बटन के पास ही कैमरा लगा होगा, यह कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा।

-शहर के ऐसे क्षेत्र चिह्नित किए जाएंगे जहां रात में महिलाओं का आवागमन होता है और वहां रोशनी कम रहती है। ऐसी जगहों पर रोशनी के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।

-प्रमुख चौराहों पर पिंक बूथ बनाए जाएंगे, जिनमें महिला पुलिसकíमयों को तैनात किया जाएगा। महिलाएं जरूरत पड़ने पर इनसे मदद मांग सकेंगी। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों और मुख्य बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टायलेट बनाए जाएंगे।

महिला अपराधों के स्पॉट होंगे चिह्नित

जिले में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अपराधिक घटनाएं किन क्षेत्रों में होती हैं, पुलिस इसका डाटा तैयार कर रही है। इसके आधार पर हॉट स्पॉट चिह्नित किए जाएंगे। पिछले वर्ष अक्टूबर में जिले के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई थीं। यहां पर एक महिला दरोगा और तीन महिला पुलिसकर्मी तैनात की गईं।

-महिला हेल्प डेस्क पर अक्टूबर से अब तक आई कंप्लेन

2152

-जगदीशपुरा थाना हेल्पडेस्क पर कंप्लेन

151

-एत्माद्दौला थाना हेल्पडेस्क पर कंप्लेन

148

-थाना खंदौली में हेल्पडेस्क पर कंप्लेन

141

-थाना न्यू आगरा में हेल्पडेस्क पर कंप्लेन

133

-थाना लोहामंडी में हेल्पडेस्क पर कंप्लेन

131

सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत नगर निगम, परिवहन निगम, टोरंट के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। जिसमें स्मार्ट सिटी में सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर की गलियों में सीसीटीवी और चौराहों पर महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। इस संबंध में स्थान चिह्नित किए जाएंगे। साथ ही ऐसे क्राइम प्वॉइंट भी जहां महिला क्राइम की संख्या अधिक है, उनको चिह्नित किया जाएगा।

बबलू कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive