पिनाहट: पिनाहट चंबल नदी का जलस्तर लगातार तेजी के साथ बढ़ रहा है। इसके चलते 10 गांव जलमग्न हो चुके हैं। वहीं 40 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां से लोगों को लगातार पलायन जारी है। बाढ़ से घिरे तटवर्ती गांव के ग्रामीण अपना सामान समेटकर ऊंचे टीले के स्थानों की ओर पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ लोग अपना सामान समेटकर रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन द्वारा अभी कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इसके चलते लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

बाढ़ में डूबा उमरैठा पुरा गांव, पालयन जारी

पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के उमरैठा पुरा गांव को चंबल नदी में आयी भयंकर बाढ़ ने अपनी चपेट में ले लिया है। जिससे बाढ़ का पानी घरों में भरने से मकान डूब गए है। ग्रामीण अनाज, भूसा, कपड़ा, बर्तन चारपाई आदि जरुरी सामान ट्रैक्टर- ट्रॉली व ऑटो में लादकर रिश्तेदारो के यहां शरण ले रहे हैं। वही गांव में बना प्राथमिक विद्यालय भी बाढ़ में डूब गया है।

जंगली जानवरों का खतरा

चंबल नदी में आई भयंकर बाढ़ का पानी खादरों व संपर्क मार्गो में भर गया हैं। बाढ़ का पानी गांवों तक पहुंचने से जंगली जीव जंतु पानी के तेज बहाव के चलते संपर्क मार्गो व गांव में पहुंच गए हैं। विषैले जीव जंतुओं के गांव में पहुंचने से ग्रामीण काफी चिंतित हैं। वही मगरमच्छ और घडि़यालो के हमले का भी खतरा भी बढ़ गया है। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर संपर्क मार्गो से होकर सुरक्षित स्थानों की ओर पहुंच रहे हैं।

नहीं पहुंची सरकारी मदद, खुद संभाला मोर्चा

ब्लॉक क्षेत्र का गांव रेहा बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिर चुका है। संपर्क मार्गो में बाढ़ का पानी भर गया है। ग्रामीण गांव से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बाढ़ में घिरे रेहा गांव के ग्रामीणों के पास खाद्य सामग्री भी समाप्त हो गई है। जिसके चलते ग्रामीण खाने और पीने के पानी को भी तरस गए हैं। अभी तक कोई सरकारी मदद नहीं पहुंची है। रेहा में टापू पर फंसे एक परिवार को ग्रामीणों ने निजी नाव की सहायता से बाहर निकाला। वहीं इस मामले में ग्राम पंचायत रेहा के प्रधान अजय कौशिक का कहना है कि रेहा गांव में 250 की आबादी हैं। गांव में पानी भरने की सूचना एसडीएम बाह अब्दुल वासित को दे दी गई। इस पर एसडीएम ने कहा है कि उनके पास केवल 3 वोट हैं। जो बाढ़ में घिरे दूसरे गांव में ग्रामीणों को निकाल रही है। वहीं चंबल नदी का जलस्तर लगातार बहुत तेजी के साथ बढ़ रहा है। चंबल नदी का जलस्तर 10 घंटे में 36 फीट बढ़ा है। ये 129 मी। से नदी का जलस्तर 135 मी। पर जा पहुंचा है।

Posted By: Inextlive