आगरा. शहर मेें सीएनजी की किल्लत लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. वाहन चलाने से लेकर घर में खाना बनाने तक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वाहनों की कतार से सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है.

आधा घंटे तक इंतजार
हाईवे पर भावना एस्टेट के सामने स्थित पंप पर बुधवार को दिनभर वाहनों की कतार लगी रही। इसमें कमर्शियल के साथ प्राइवेट वाहनों की संख्या भी अच्छी खासी थी। लोगों का कहना था कि हर सीएनजी पंप पर वाहनों की कतार लगी है। शाहगंज निवासी मुकेश ने बताया कि कोठी मीना बाजार पंप पर भी गैस नहीं मिल रही है। इसके चलते वह यहां आए हैं, लेकिन यहां भी वाहनों की कतार लगी हुई है। आधा घंटा हो गया है, लेकिन अब तक कार में गैस भरवाने के लिए नंबर नहीं आया है।

बंद है एक पंप
सिकंदरा स्थित व्योम फिलिंग स्टेशन से पिछले कुछ दिनों से गैस मिलना बंद है। इसके पीछे सेफ्टी इश्यू बताए गए हैं। जिसके चलते भावना एस्टेट के सामने स्थित सीएनजी पंप पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। वाहन की लंबी-लंबी लाइन लग जाती है। घंटों लोगों को इंतजार करना पड़ता है।


हाईवे पर बन जाते हैं जाम के हालात
सीएनजी की किल्लत से पंप पर वाहनों की कतार लग जाती है। वाहन अधिक होने ये लाइन हाईवे पर आ जाती है। ऐसे में हाईवे पर तेज स्पीड से वाहन गुजरते हैं। सीएनजी भरवाने के लिए वाहन हाईवे दो लेन तक कब्जा लेते हैं। ऐसे में जाम के साथ हादसे का भी डर बना रहता है।

न्यू ईदगाह में दो दिन बाद मिल सकेगी गैस
न्यू ईदगाह में पीएनजी की लाइन पंक्चर होने से करीब 150 घरों में गैस सप्लाई ठप हो गई है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। यहां सप्लाई सुचारू होने में दो दिन का समय लग सकता है। ग्रीन गैस के अधिकारियों का कहना है कि मौके पर टीम काम कर रही है। जल्द सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

सीएनजी के लिए पंप पर घंटों इंतजार करना पड़ता है। हाईवे पर इस पंप पर तो पिछले कई दिनों से वाहनों की कतार लग रही है। कई पंप घूमकर यहां आए हैं। इस पंप पर गैस तो मिल रही है। कई जगह तो गैस सप्लाई ही बंद है।
दिनेश


शहर में जहां भी जाओ सीएनजी के लिए किल्लत नजर आती है। कहीं प्रेशर के चलते तो किसी पंप पर गैस ही नहीं मिलती। इसके चलते बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस ओर विभाग को ध्यान देना चाहिए।
असलम


सिकंदरा स्थित व्योम पंप पर सेफ्टी ईश्यू के चलते पिछले करीब आठ दिन से गैस सप्लाई बंद है। टीम इस पर काम कर रही है। जल्द ही सप्लाई शुरू की जाएगी। वहीं, न्यू ईदगाह कॉलोनी में लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। जल्द सप्लाई शुरू होगी।
विनय भारद्वाज, मीडिया को-ऑर्डिनेटर, ग्रीन गैस लिमिटेड

Posted By: Inextlive