- पार्षदों ने नगरायुक्त निखिल टीकाराम से की शिकायत

आगरा। नगर निगम के वार्ड कार्यालयों में रखे नए जालीदार कूड़ा रिक्शा से टायर गायब हो गए हैं। पार्षदों ने इसकी शिकायत नगरायुक्त निखिल टीकाराम से की है। वहीं इंटरनेट मीडिया पर कूड़ा रिक्शा के टायर गायब होने की फोटो वायरल हुई हैं।

एक साल पूर्व नगर निगम प्रशासन ने 1500 जालीदार कूड़ा रिक्शा खरीदा था। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में इनका इस्तेमाल होना था। 60 फीसद रिक्शों का ही प्रयोग किया जा रहा है। बाकी रिक्शे वार्ड कार्यालयों में खड़े हुए हैं। पार्षद रवि माथुर ने बताया कि वार्ड कार्यालयों में खड़े रिक्शों के टायर गायब हो गए हैं। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्षद राकेश जैन का कहना है कि कूड़ा रिक्शों को इस्तेमाल में लाना चाहिए।

सदन बुलाने की मांग, मेयर के खिलाफ हुए बसपा पार्षद

दो माह से नगर निगम का सदन नहीं हुआ है। पार्षदों ने निगम का सदन बुलाने की मांग शुरू कर दी है। वहीं बसपा पार्षदों ने मेयर नवीन जैन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बसपा पार्षदों ने मेयर पर मलिन बस्तियों में कार्य न करने का आरोप लगाया है। बसपा पार्षद मनोज सोनी का कहना है कि मेयर फोन नहीं उठाते हैं। इससे समस्याओं का निस्तारण नहीं हो रहा है। रोड निर्माण सहित अन्य को लेकर जो भी शिकायतें की गई हैं। उनका निस्तारण नहीं किया जा रहा है। पार्षद धर्मवीर सिंह का कहना है कि रतनपुरा सहित अन्य क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं।

Posted By: Inextlive