- सोमवार सुबह जेल में नहाते समय जवानों को दे गया चकमा

- पुलिस लगातार दे रही दबिश, अब तक नहीं लगा कोई सुराग

आगरा। दिल्ली गेट स्थित अस्थाई जेल से सोमवार को एक बंदी फरार हो गया। बंदी कोरोना संक्रमित बताया गया है। पुलिस के आलाधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।

सुबह नहाते समय हुआ फरार

दिल्ली गेट स्थित क्वीन विक्टोरिया इंग्लिश मीडियम स्कूल में अस्थाई जेल हाल ही में एमडी जैन इंटर कॉलेज से शिफ्ट की गई है। सुबह करीब 11 बजे अस्थाई जेल से बंदी रवि उर्फ टिन्ना सुरक्षाकíमयों को चकमा देकर जेल से फरार हो गया है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि नंदलालपुर खंदौली का रहने वाला रवि उर्फ टिन्ना चोरी के मामले में बंद था। सुबह बंदी रोजाना की तरह नहा रहे थे। बंदी रक्षक पीएसी के जवान और होमगार्ड सुरक्षा के लिहाज से चारों तरफ खड़े हुए थे। उसी समय रवि उर्फ टिन्ना दीवार से कूदकर फरार हो गया, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लग सकी। बाद में बंदियों की गिनती हुई तो रवि उर्फ टिन्ना नहीं था।

अस्थाई जेल पहुंचा थाने का फोर्स

सूचना पर जेल के अधिकारी और हरीपर्वत थाने की पुलिस अस्थाई जेल पहुंच गई। पुलिस ने उसके घर नंदलाल पुर जाकर देखा, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए देर-रात तक दबिश दी गई।

रवि की रिपोर्ट मिली पॉजिटिव

सूत्रों की मानें तो रवि उर्फ टिन्ना का अस्थाई जेल में कोरोना टेस्ट कराया गया था। जांच में रवि की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। संक्रमित बंदी फरार होने के बाद कहां और किस से मिलेगा इसको लेकर जेल प्रशासन चिंतित है। बता दें, इससे पूर्व एमडी जैन अस्थाई जेल से चार बंदियों ने भागने की कोशिश की थी, लेकिन बंदियों के शोर मचाने पर सुरक्षा में मुस्तैद बंदी रक्षकों ने उनको घेराबंदी कर दबोच लिया था।

अस्थाई जेल से एक बंदी के फरार हाने की जानकारी मिली है, इस संबंध में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही बंदी की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों के घर दबिशें दी जा रहीं हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बबलू कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive