आगरा। कोरोनावायरस के कारण आगरा का टूरिज्म लॉक पड़ा हुआ है। पिछले पांच महीनों से विश्वदायी इमारत ताजमहल सहित सभी मॉन्यूमेंट्स पर आम जनता के लिये ताला पड़ा हुआ है। इस कारण आगरा टूरिज्म की सभी गतिविधियां बंद पड़ी हुई है। इसी के साथ टूरिज्म से जुड़े लोगों का रोजगार भी बंद पड़ा हुआ है। आगरा में होने वाले तमाम सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम व इवेंट्स भी बंद पड़े हुए हैं।

नहीं हो रहा आगरा किले का लाइट एंड साउंड शो

आगरा में बाहर से आने वाले टूरिस्ट्स नाइट स्टे करें, इसके लिये तमाम योजनाएं बनाई गईं। इसी के तहत आगरा किले में रात के अंधेरे में लाइट एंड साउंड शो भी स्टार्ट किया गया था। इसे काफी अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा था। हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाओं में इस शो को चलाया जाता था। कोरोनावायरस के कारण इस शो पर भी रोक लग गई। किले के बंद होने के कारण ये शो बंद हो गया, फिर जब टूरिस्ट्स ही नहीं आ रहे हैं तो शो किसके लिये चलेगा।

कलाकृति का शो भी हुआ बंद

कलाकृति ऑडिटोरियम में भी निजी स्तर पर मुमताज महल थियेटर का आयोजन होता है, लेकिन कोरोनावायरस के कारण इस पर भी रोक लगी हुई है। फिलहाल तो टूरिस्ट्स भी नहीं आ रहे हैं। इस कारण इस शो को भी बंद कर दिया गया है। इसके अलावा ताज के साये में लगातार कोई न कोई इवेंट ऑर्गेनाईज होता ही रहता है। कई विदेशी यहां पर आकर पेंटिंग कॉन्टेस्ट आयोजित करते हैं तो कई लोग अन्य इवेंट आयोजित करते हैं, कुछ ग्रुप्स आगरा को एक्सप्लोर करने के लिये हेरिटेज वॉक का भी आयोजन करते हैं, लेकिन अब ये सारी गतिविधियां पूरी तरह से बंद पड़ी हुई हैं।

बंद हुआ कई लोगों का रोजगार

ताज और ताजनगरी का टूरिज्म बंद होने से आगरा में हजारों लोगों का रोजगार बंद हो गया है। यहां होने वाले डेली इवेंट्स से लोगों को काफी रोजगार मिलता था। कई छोटे कारीगरों को भी इससे रोजगार मिलता था। लेकिन अब वे सभी कारीगर पलायन करने लगे हैं। पर्यटन मित्र के सदस्य वीरेंद्र गुप्ता बताते हैं कि आगरा टूरिज्म से जुड़े कई छोटे बड़े लोग अब आगरा से पलायन कर चुके हैं। वे अब अपने-अपने गांव चले गये हैं। इस वक्त आगरा की टूरिज्म इंडस्ट्री बंद होने से आगरा के तमाम लोगों पर आíथक बोझ बढ़ गया है।

ताज खोलने की मांग

आगरा में टूरिज्म सेक्टर से जुड़े हर व्यक्ति की मांग है कि ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को अब खोल दिया जाना चाहिए। ताकि आगरा की टूरिज्म इंडस्ट्री अनलॉक हो सके और आगरा में टूरिस्ट्स का आना शुरू हो जाये। आगरा के होटल संचालकों, रेस्टोरेंट संचालकों, टूरिस्ट्स गाइड, ताजमहल पर तैनात फोटोग्राफर सहित टूरिज्म से जुड़े छोटे बड़े लोगों की यहीं मांग है कि ताजमहल को तत्काल प्रभाव से खोला जाये।

ताजमहल को 15 अगस्त के बाद से खोल देना चाहिए। ताज के बंद होने के कारण हजारों लोगों का रोजगार छिन गया है। कई लोग अब आगरा छोड़कर पलायन करने लगे हैं। यही हाल रहा तो आगरा की टूरिज्म इंडस्ट्री पूरी तरह से ठप होने की कगार पर आ जायेगी।

-वीरेंद्र गुप्ता, सदस्य पर्यटन मित्र

ताज के बंद होने से ताजनगरी में होने वाले सभी इवेंट्स अब बंद हो गये हैं। जब आगरा आने वाले टूरिस्ट्स ही नहीं हैं तो इवेंट्स किसके लिये ऑर्गेनाइज होंगे। ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को जल्दी से जल्दी खोलना चाहिए। इसके साथ ही आगरा आने के लिये पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी चालू करना चाहिए।

-राकेश चौहान, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन

Posted By: Inextlive