सिटी स्टेशन रोड स्थित धर्मशाला से सटकर गुजरे नाले में मंगलवार को रिसाव हो गया है. यह नाला 40 फीट की ऊंचाई से नीचे की ओर आता है. मिट्टी का भराव कर रही टीम ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद नाले के कुछ हिस्से को बंद कर दिया गया.

आगरा (ब्यूरो)। ट्रैफिक के चलते 19 डंफर धीमी गति से मिट्टी ला सके। इसके चलते कार्य में व्यवधान पड़ा। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम गुरुवार रात तक मिट्टी भराव का काम पूरा कर लेगी। इसके बाद जर्जर मकानों को तोड़ा जा सकेगा।

कुछ देर के लिए रोका काम
धर्मशाला से सटकर पुराना नाला है। यह नाला सिटी स्टेशन रोड के नाले में आकर मिलता है। नाले में टीला माईथान के घरों का पानी गिरता है। नाले के ठीक ऊपर मकान भी बने हुए हैं। बेसमेंट की खोदाई के दौरान नाले की नींव दिखने लगी थी। डीएम नवनीत ङ्क्षसह चहल के आदेश पर गठित चार सदस्यीय तकनीकी कमेटी लगातार नजर रखे हुए है। मंगलवार को बैरियर लगाने का दायरा कम कर दिया गया, लेकिन सबसे अधिक दिक्कत डंफरों के आने-जाने को लेकर खड़ी हो गई। रामलीला ग्राउंड और बमरौली कटारा से 19 डंफरों से मिट्टी लाई जा रही है। ट्रैफिक के चलते डंफर देरी से मिट्टी ला पा रहे हैं। मंगलवार को जर्जर मकानों तक पहुंचने के लिए मिट्टी का भराव किया जा रहा था। इसके बाद एक पोकलेन और एक जेसीबी से मिट्टी को समतल किया जा रहा था। दोनों तरफ जर्जर मकानों से निकले लोहे के गर्डर भी रखे गए। इस बीच दोपहर में नाले से रिसाव होने लगा। मिट्टी के लगातार गीला होने पर नजर पड़ी तो टीम ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और कुछ देर के लिए काम रोक दिया गया।


- नाले में रिसाव होने के कारण मिट्टी भराव में व्यवधान पड़ा था। समय रहते इसे दूर कर फिर से काम शुरू कर दिया गया। रात 11 बजे तक दो हजार टन मिट्टी का भराव कर दिया गया।
आनंद कुमार ङ्क्षसह, सिटी मजिस्ट्रेट

40 फीट की ऊंचाई तक रैंप बनाया जा रहा है। इस पर तकनीकी टीम नजर रखे हुए हैं। रिसाव रोकने के लिए अगर बोरियों में मिट्टी भरकर रखने की जरूरत पड़ेगी तो वह भी किया जाएगा।
अंजनी कुमार ङ्क्षसह, एडीएम सिटी
न हो रहा कूड़े का उठान और न ही लग रही झाड़ू
आगरा : टीला माईथान में आधा दर्जन मकानों की घटना से नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी हिल गए हैं। पिछले चार दिनों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ठप हो गया है। न ही सफाई कर्मचारी नाली की सफाई के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि डलावघर से कूड़े का उठान किया जा रहा है। धर्मशाला के ठीक बराबर में डलावघर है। यहां पर आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा आता है। कूड़े के उठान के लिए एक जेसीबी और दो गाड़ी लगी हुई हैं। टीला माईथान के पास कई गलियां हैं। इन गलियों में हर दिन कूड़ा कलेक्शन के लिए नगर निगम की टीम पहुंची थी, लेकिन अब यह कार्य बंद हो गया है। क्षेत्रीय निवासी विकास कुमार ने बताया कि कूड़ा कलेक्शन न होने की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की गई है। नाली की सफाई के लिए कोई भी कर्मचारी नहीं आ रहा है। क्षेत्रीय निवासी सुनील कुमार ने बताया कि खुद ही कूड़ा फेंकने के लिए जाना पड़ रहा है।
---

Posted By: Inextlive