-लगभग एक पखवाड़े से आवक हुई प्रभावित, और बढ़ सकते हैं दाम

जेएनएन, आगरा: अफगानिस्तान में सत्ता संघर्ष की वजह से ड्राई फ्रूट्स के भाव चढ़ने लगे हैं। लगभग एक पखवाड़े से आवक प्रभावित होने का असर बाजार पर दिखने लगा है। यहां अधिकांश ड्राईफ्रूट्स अफगानिस्तान से ही आते हैं।

और बढ़ेंगे रेट्स

भारत और अफगानिस्तान के बीच व्यापारिक संबंध सदियों पुराने हैं। दोनों देशों के बीच विभिन्न वस्तुओं का काफी आयात-निर्यात होता है। यहां पिस्ता, बादाम, अंजीर, अखरोट, मुनक्का आदि ड्राई फ्रूट्स अफगानिस्तान से ही आते हैं। आगरा में इन सभी के दामों में बढ़ोत्तरी हुई है। आने वाले दिनों में इनके दाम और बढ़ सकते हैं।

हींग दाना हुआ महंगा

आगरा में अफगानिस्तान से हींग दाना भी आता है। पहले हींग दाना का भाव 13 हजार रुपए प्रति किलोग्राम था। अब यह बढ़कर लगभग 16 हजार रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है।

ड्राई फ्रूट पूर्व में भाव (रुपए/किलोग्राम) वर्तमान में भाव (रुपए/किलोग्राम)

बादाम अब्दुल बेदी 700 रुपए 775 रुपए

पिस्ता नमकीन 875 रुपए 950 रुपए

पिस्ता पिशोरी 1700 रुपए 2000 रुपए

मुनक्का 450 रुपए 500 रुपए

जूता कारोबारियों को पैसा फंसने की सताई ¨चता

आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष गागनदास रमानी ने बताया कि अफगानिस्तान से जूते का सालाना कारोबार करीब 50 करोड़ रुपए का है। कोरोना काल में यह प्रभावित चल रहा है। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा किए जाने के बाद कारोबार अधिक प्रभावित होगा। व्यापारी भुगतान नहीं करेंगे। व्यापारियों को अपना पैसा फंसने की ¨चता सता रही है।

---

अफगानिस्तान में उथल-पुथल के बाद ड्राई फ्रूट्स के भावों में बढ़ोत्तरी हुई है। यहां अधिकांश ड्राई फ्रूट्स अफगानिस्तान से ही आता है।

-अतुल बंसल, महामंत्री, आगरा किराना कलर एंड केमिकल मर्चेंट एसोसिएशन

---

अफगानिस्तान में अशांति का असर यहां के बाजार पर भी पड़ेगा। आने वाले दिनों में ड्राई फ्रूट्स के भाव और बढ़ सकते हैं। अन्य क्षेत्रों में भी प्रभाव पड़ेगा।

-मुरारी लाल गोयल, मोतीगंज बाजार समिति

---

अफगानिस्तान और भारत के बीच नजदीकी व्यापारिक रिश्ते हैं। वहां के व्यापारियों की परेशानी का असर यहां के व्यापारियों पर पड़ेगा।

-टीएन अग्रवाल, अध्यक्ष, आगरा व्यापार मंडल

Posted By: Inextlive