-पुलिस के टोकने पर बदमाशों ने की कई राउंड फायरिंग

-टीम ने घेराबंदी कर तीन बदमाश किए गिरफ्तार, तीन फरार

आगरा। शुक्रवार दोपहर ढाई बजेमदिया कटरा से बिल्लोचपुरा रोड पर सामान्य दिनों की तरह लोग आ-जा रहे थे कि तभी अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जिसको जहां जगह मिली वहां बचने के लिए दौड़ पड़ा। फिल्मी स्टाइल में क्रिएट हुआ ये नजारा मानसिक आरोग्यशाला के पास पुलिस और बदमाशों में आमने-सामने की मुठभेड़ का था। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। अंत में पुलिस ने तीन बदमाशों को बंदी बना लिया। इनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मौसे से फरार बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की गई हैं।

अचानक फायरिंग से उड़े पुलिस के होश

मामला थाना हरीपर्वत क्षेत्र का है। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बिल्लोचपुरा रोड पर सामान्य रूप से वाहन चालक गुजर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम प्राइवेट कार से बताए गए स्थान पर पहुंचीं। थाना हरी पर्वत की पुलिस भी आसपास ही सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस टीम को दो बाइकों पर छह बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस के होश उड़ गए। इसके साथ ही राहगीर और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मर्च गई।

पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर संभाला मोर्चा

पुलिस ने तत्काल ही संभलकर मोर्चा लिया और स्वयं को सुरक्षित कर बचाव में जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों में बीच सड़क पर फायरिंग होते देख आसपास के लोग सहम गए। सड़क पर फर्राटा भर रहे वाहनों के चालक भी सुरक्षित स्थान पर खड़े हो गए। इस दौरान दोनों तरफ से चार-पांच राउंड फायरिंग हुई। एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल बताया गया है। पुलिस ने घायल बदमाश सहित तीन बदमाशों को बंदी बना लिया है, जबकि उनके तीन अन्य साथी भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस बंदी बनाए गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। घायल बदमाश को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ पर कर रही बदमाशों से पुलिस

पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार किए गए बदमाश एटा जिले के बताए गए हैं, जो कि शातिर लुटेरे हैं और लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए आगरा आए थे। इसकी जानकारी पुलिस को लग गई थी। पुलिस की टीम एक सूचना के आधार पर बदमाशों की घेराबंदी कर रही थी। प्राइवेट गाड़ी में पुलिस थी, जिससे बदमाशों को कोई शक न हो।

बदमाश वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। तीन बदमाश मौके से फरार हो गए। कुल बदमाशों की संख्या छह थी। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही कि उनका क्या इरादा था।

बौत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी

बदमाशों की घेराबंदी

1.30 बजे

मुठभेड़ की टाइमिंग

2.30 बजे

बदमाश हुआ घायल

2.37 बजे

गिरफतार किए बदमाश

2.46

फायरिंग कर फरार बदमाश

2.48

घायल को एसएन में भर्ती

3.12 बजे

बदमाशों की जा रही पूछताछ

5.21 बजे

Posted By: Inextlive