AGRA (25 April): मेरठ के बाद सोमवार को आगरा में तेंदुए की दहशत कायम हो गई। थाना न्यू आगरा के इंद्रपुरी सुरेश नगर स्थित खाली पड़ी फैक्ट्री में कहीं से तेंदुआ दाखिल हो गया। चौकीदार ने सुबह उसे देखा तो दहशत में आ गए। हालांकि एक क्षेत्रीय युवक ने उसे कमरे में बंद कर दिया, लेकिन यह कैद अस्थाई रही। तेंदुए ने जाली तोड़ दी और निकल भागा। फिर तो क्षेत्र में तेंदुए का खौफ और उसे देखने का उतावलापन दिखाई देने लगा। मौके पर सर्किल का फोर्स डटा रहा। वाइल्ड लाइफ एसओएस (सेव अवर सोल) की टीम पहुंची। उसने तेंदुए को बेहोश कर दिया। देर रात उसे पकड़ लिया गया।

सबसे पहले फैक्ट्री में दिखा

इंद्रपुरी सुरेश नगर न्यू आगरा का घनी आबादी का इलाका है। यहां 4200 गज मैदान के बीच एक फैक्ट्री बनी है। इसमें पहले चूडि़यों पर सोना चढ़ाने का काम होता था। वर्तमान में फैक्ट्री बंद है। इसे बंबई वालों की बिल्डिंग भी कहते हैं। यहां पिछले तीन साल से गोवर्धन निवासी 70 वर्षीय बाबा चंद्रभान चौकीदारी कर रहे हैं। वह बाहर के कमरे में रहते हैं। बिल्डिंग में नीचे एक हॉल सहित चार कमरे व ऊपर भी तीन-चार कमरे बने हैं। सुबह साढ़े ग्यारह बजे चौकीदार हॉल में झाड़ू लगाने गए तो तेंदुआ सामने रूम के दरवाजे के पास बैठा था। वह समझ नहीं पाए कि क्या है। उन्हें लगा शेर बैठा है।

कमरे में किया लॉक

चंद्रभान ने जनता क्वार्टर निवासी एडवोकेट खुर्शीद अली को फोन कर बुलाया। खुर्शीद पहले इसी बिल्डिंग में रहते थे। वह दस मिनट में वहां पहुंच गए। उन्होने क्षेत्रीय दो युवकों को साथ लेकर अंदर झांका तो तेंदुआ उनके ऊपर उछला, लेकिन उनके हाथ में डंडा था। डंडे से उसे दूर हटा दिया। तेंदुआ रसोई की तरफ गया तो खुर्शीद ने फुर्ती से दरवाजा बंद कर दिया। लॉक खराब होने के चलते रस्सी से दरवाजा बांध दिया। लेकिन कुछ देर बाद रसोई की एक खिड़की से बाहर निकल आया। वह फैक्ट्री परिसर में ही घूमता रहा और कुछ देर बाद दोबारा रसोई में घुस गया। इस बीच वह कई बार अंदर-बाहर घूमता रहा। और छह बजे करीब एक कमरे में जाकर बैठ गया। तभी लोगों ने कमरे को लॉक कर दिया। वहीं, इससे पहले 1:39 बजे सौ नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर थाना न्यू आगरा पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जाकर स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग व वाइल्ड लाइफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ने की प्लानिंग बनाई और उसे ट्रेंकुलाइजर से बेहोश कर दिया। उसे जाल में पकड़ लिया। वहीं, एरिया में साढ़े दस घंटे तक बिल्डिंग में शेर होने का शोर मचता रहा। अफरातफरी और दहशत के बीच हजारों लोगों का हुजुम इलाके में एकत्रित हो गया।

Posted By: Inextlive