आगरा : नगर निगम की टीम ने बुधवार दोपहर डेढ़ से साढ़े तीन बजे तक न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर कालोनी और कमला नगर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। तीन क्षेत्रों में पांच डेयरी चल रही थीं। डेयरी संचालकों पर 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई से नाराज संचालकों ने हंगामा किया। निगम के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने किसी तरीके से संचालकों को शांत कराया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार आबादी वाले क्षेत्र में डेयरी नहीं चल सकती हैं लेकिन शहर में 750 डेयरी संचालित हैं। इन डेयरी में दस हजार के करीब गाय और भैंस हैं। एक साल के भीतर निगम टीम ने 120 डेयरी को बंद करा दिया है, जिसमें दो हजार पशु थे। बुधवार दोपहर निगम की टीम जैसे ही न्यू आदर्श नगर पहुंची। संचालकों ने दरवाजे बंद कर लिए। पुलिस ने दरवाजे खुलवाए। कुछ यही हाल बल्केश्वर कालोनी का रहा। दरवाजा खुलवाने और जुर्माना लगाने से नाराज डेयरी संचालकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नगर निगम डा। योगेश शर्मा ने बताया कि पांच डेयरी में 17 भैंस और चार गाय मिलीं। पांच संचालकों पर 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। एक माह के भीतर डेयरी को शहर से बाहर खोलने की मोहलत दी गई है। टीम में कर्नल एके सिंह, आदित्य पांडेय, विमलेश सिंह शामिल रहे।

अवैध होर्डिग और बैनर हटवाए : नगर निगम की टीम ने सुल्तानगंज की पुलिया फ्लाईओवर से ई ब्लाक कमला नगर तक चेकिंग अभियान चलाया। दो दर्जन बैनर और दर्जनभर अवैध होर्डिग उतरवाई गई।

Posted By: Inextlive