आईएसबीटी पर बनने वाले फ्लाईओवर पर एएसआई का ब्रेक

हाईवे पर छह महीने से बंद पड़ा हुआ है काम, लोग परेशान

आगरा। आईएसबीटी पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम पिछले छह महीने से रुका पड़ा है। दरअसल एएसआई से परमीशन न लेने पर काम को बंद करा दिया गया है। ये काम पिछले 6 महीने से बंद पड़ा है। इसके चलते आईएसबीटी के सामने हर समय जाम और हादसे की स्थिति बनी रहती है। आधा किमी तक हाईवे को ब्लॉक कर दिया गया है। इसके चलते जाम बना रहता है। न तो उस प्रोजेक्ट के मैंटेरियल को हटाया गया है, न ही काम आगे बढ़ाया जा सका है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट की टीम ने मौके की स्थिति को देखा तो पता लगा कि रोड ब्लॉक होने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दिसम्बर 2019 में तैयार हुआ था प्रस्ताव

आईएसबीटी के सामने दिसम्बर 2019 में फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। 30 करोड़ की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर को डेढ़ वर्ष में तैयार करना था। शुरुआत में एनएचएआई ने अपने काम करना शुरु किया। इस दौरान रोड को ब्लॉक कर एक गड्ढा खोद दिया गया। इसके बाद 10 मार्च को होली से पहले एएसआई की ओर से इस काम को बंद करा दिया गया। 24 मार्च को लॉकडाउन लग गया। तब से लेकर अब तक काम बंद पड़ा है। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के सौ मीटर के दायरे के अंदर ही मॉन्यूमेंट है, जिसके कारण एएसआई ने इस काम पर ब्रेक लगा दिया है। बड़ा सवाल ये है कि काम शुरू होने से पहले एएसआई की परमीशन क्यों नहीं ली गई।

इसलिए तैयार किया गया प्रस्ताव

आईएसबीटी पर बसों के आवागमन के चलते भीड़ रहती है।

आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी।

कई बार सड़क हादसे में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी हैं।

जाम से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया।

काम बंद होने से ये आ रही दिक्कत

- सड़क ब्लॉक होने से जाम लग रहा है।

- रॉन्ग साइड से वाहन गुजर रहे हैं

- हाईवे की गिट्टियां उखड़ आयीं हैं

- धूल उड़ती रहती है।

- बारिश में हाईवे पर जलभराव की स्थिति बन जाती है।

यहां आए दिन जाम लगा रहता है। धूल उड़ती रहती है। काम होली से पहले का बंद है। सड़क को ब्लॉक कर दिया गया है। हादसा होने का डर सताता रहता है। पता ही नहीं लग रहा यहां काम होगा कि नहीं बहुत परेशानी हो रही है।

पंकज सिंह

सड़क खराब हो चुकी है। किससे कंप्लेन करें। कई बार हमारे कर्मचारी चोटिल हो जाते हैं। धूल उड़ती रहती है। यहां जाम लग जाता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। हल्की सी बारिश में जलभराव हो जाता है।

सुनील जोशी

बहुत समय से काम बंद पड़ा है। इस ओर किसी का ध्यान में नहीं है। रॉन्ग साइड से वाहन निकलते हैं। हादसे का डर बना रहता है। या तो इसको बनाना शुरू करें, या फिर यहां से इसको हटा लें, जिससे जाम से तो निजात मिले।

राजेश कुमार

आईएसबीटी पर जो फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। उसकी परमीशन नहीं ली गई है। इसके लिए नेशनल मॉन्यूमेंट आथॉरिटी मुख्यालय नई दिल्ली से परमीशन लेनी होती है।

डॉ। बसंत कुमार अधीक्षक पुरातत्वविद्

यहां फ्लाईओवर बनाया जाना प्रस्तावित था। इसकी वजह जाम थी। अब एएसआई चाहती है यहां फ्लाईओवर न बने। हालांकि हम इसको सॉल्व करने की कोशिश कर रहे हैं। जल्द वहां के ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम कर देंगे।

मनोज बंसल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई आगरा-दिल्ली सेक्शन

Posted By: Inextlive