- 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा अधिकतम तापमान

- सर्द हवा चलने से गलन भरी सर्दी में ठिठुर रहे लोग

आगरा। बारिश के बाद अब कोहरा छाएगा। दोपहर में धूप निकलने से सुबह घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 नवंबर तक सुबह कोहरा छाएगा, इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। इस दौरान हवा चलने से गलन बढ़ सकती है।

दिन में छाए रहे बादल

मौसम का मिजाज कई बार बदल चुका है। गुरुवार को बारिश के बाद दिन में बादल छाए रहे। कुछ देर के लिए धूप निकली। इससे शुक्रवार से सुबह कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 नवंबर तक सुबह कोहरा छाएगा, दिन में बादल छा सकते हैं। सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ जाएगी। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

गलन भरी सर्दी से बढे़गी ठिठुरन

कोहरा छाने और दिन भर बादल छाए रहने से गलन भरी सर्दी पडे़गी। पर्यावरणविद् और मौसम के जानकार श्रवण कुमार ने बताया कि हवा में नमी है, ऐसे में कोहरा छाने से धूप नहीं निकलेगी। अगर ऐसे ही हवा चलती रही तो गलन बढ़ सकती है।

एक दिसंबर से छंट जाएगा कोहरा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 नवंबर तक सुबह कोहरा छाएगा और दिन में बादल छाए रहेंगे। एक दिसंबर से कोहरा छंट जाएगा, दिन में धूप निकलेगी। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Posted By: Inextlive