14 नवंबर से पालड़ा झाल से शहर को प्रॉपर गंगाजल नहीं मिल रहा आधे शहर में पानी के लिए खड़ी हुई समस्या टैंकरों से हो रही सप्लाई मंगलवार को भी पालड़ा झाल से सिर्फ 100 एमएलडी गंगाजल मिला अधिकारियों के अनुसार अगले एक से दो दिन में होंगे हालात सामान्य.

आगरा( ब्यूरो). पालड़ा झाल से शहर को मिलने वाले गंगाजल की सप्लाई फिर से प्रभावित हुई है। 14 नवंबर से ये दिक्कत बनी हुई है। सिकंदरा वाटरवक्र्स स्थित गंगाजल प्लांट को बंद कर दिया गया है। इससे आधे शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। सिंचाई विभाग की ओर से कई नहरों को बंद करने से ये समस्या खड़ी हुई है। जल निगम के अधिकारियों के अनुसार हालात सामान्य होने में अगले एक से दो दिन का समय लग सकता है।

नहरें बंद होने से दिक्कत
जल निगम अधिकारियों के अनुसार सिंचाई की डिमांड कम होने के चलते सिंचाई विभाग द्वारा कई नहरें बंद कर दी गईं। इससे पालड़ा झाल से आगरा को मिलने वाली गंगाजल सप्लाई पर भी असर पड़ा। सामान्य दिनों में शहर को करीब 350 एमएलडी गंगाजल मिलता है, जो 100 से भी कम पर पहुंच गया। इससे सिकंदरा वाटरवक्र्स स्थित गंगाजल प्लांट को बंद कर दिया गया। जबकि जीवनी मंडी स्थित प्लांट अपनी पूरी क्षमता से चला।

सिकंदरा वाटरवक्र्स से सिर्फ 100 एमएलडी सप्लाई
शहर में पेयजल संकट का अनुमान सिकंदरा वाटरवक्र्स से सप्लाई के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। सिकंदरा वॉटरवक्र्स से सामान्य दिनों में एमबीबीआर और गंगाजल प्लांट से कुल मिलाकर 214 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है। लेकिन मंगलवार को सिर्फ 100 एमएलडी पानी की सप्लाई हो सकी। यानी शहर को रोज होने वाली वाटर सप्लाई की आधी भी नहीं हो सकी।

'गंगाजल की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके चलते शहर को दी जाने वाली वाटर सप्लाई पर असर पड़ा है। सिकंदरा वाटरवक्र्स से अभी यमुना जल को सप्लाई किया जा रहा है। जहां से भी शिकायत आती है वहां टैंकरों से पानी की सप्लाई की जाती है'

एसके श्रीवास्तव, सचिव, जलकल


'सिंचाई विभाग की इंटरनल प्रॉब्लम के चलते शहर को मिलने वाली गंगाजल की सप्लाई पर असर पड़ा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद शहर को गंगाजल की सप्लाई शुरू करा दी गई। मंगलवार को 100 एमएलडी गंगाजल पहुंचा है। अगले एक से दो दिन में गंगाजल की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है'।

महेश कुमार गौतम, प्रोजेक्ट मैनेजर, वल्र्ड बैंक इकाई, जल निगम


एक साल के भीतर छह बार आपूर्ति बंद
शहर को पालड़ा झाल बुलंदशहर से गंगाजल मिलता है। गंगाजल में मिट्टी की मात्रा जैसे ही बढ़ती है, गंगाजल की आपूर्ति को कम कर दिया जाता है या फिर इसे बंद कर दिया जाता है। पूर्व में एक साल के भीतर पांच बार गंगाजल की आपूर्ति बंद हो चुकी है। इसबार सिंचाई विभाग की ओर से कई नहरों को बंद कर दिया गया, जिसके चलते गंगाजल की सप्लाई बाधित हुई।

जीवनी मंडी वाटरवक्र्स
इसकी क्षमता 225 एमएलडी की है। वर्तमान में वोल्टाज कंपनी द्वारा 90 एमएलडी के प्लांट का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके चलते 135 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हो रही है। इस प्लांट की खासियत यह है कि अगर गंगाजल नहीं मिलता है तो 100 एमएलडी यमुनाजल की आपूर्ति की जा सकती है। इस प्लांट से यमुनापार, कमलानगर, बल्केश्वर, विजय नगर, सुल्तानगंज की पुलिया, गधापाड़ा, बालूगंज, ताजगंज, नौलक्खा, मधुनगर, सेवला और छावनी परिषद के आठ वार्ड में आपूर्ति होती है। एमबीबीआर प्लांट सिकंदरा स्थित इस प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी है। इससे यमुनाजल की आपूर्ति होती है। वर्तमान में इस प्लांट से 100 एमएलडी पानी की सप्लाई की जा रही है। आगामी दो दिन इस प्लांट को पूरी क्षमता पर चलाया जाएगा।

गंगाजल प्लांट
सिकंदरा स्थित इस प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी है। पालड़ा फाल से गंगाजल की सप्लाई बाधित होने के चलते इस बंद कर दिया गया है। एमबीबीआर और गंगाजल प्लांट से हर दिन आधे शहर को जलापूर्ति होती है। इन दोनों से कुल 205 से 214 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। अभी 100 एमएलडी पानी की सप्लाई हो रही है।

नलों में सप्लाई हो रहा था सीवर का पानी
विभाग की अनदेखी के चलते नलों में सीवर का पानी सप्लाई हो रहा था। मानस नगर के पास चाणक्यपुरी कॉलोनी में पिछले कई दिनों से नलों में गंदा पानी आ रहा था। क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन जलकल के अफसर ढुलमुल रवैया अपनाते रहे। बाद में क्षेत्रीय लोगों ने लीकेज ढूंढ़ जलकल के अफसरों से शिकायत की तो टीम भेजी गई। मंगलवार को टीम ने चाणक्यपुरी कॉलोनी में गड्ढा खोदकर लीकेज दुरुस्त किया। यहां पानी की पाइपलाइन में लीकेज हो गया था। इसमें पास ही बह रहा सीवर का गंदा पानी मिल रहा था। इससे पिछले काफी समय से क्षेत्र में सीवर के पानी की घरों में सप्लाई हो रही थी।


सिकंदरा वाटरवक्र्स को इस तरह मिला गंगाजल

15 नवंबर सुबह: 40 क्यूसेक
15 नवंबर शाम: 90 क्यूसेक
16 नवंबर: 75 क्यूसेक

सामान्य दिनों में सप्लाई

350 एमएलडी करीब पालड़ा झाल से आगरा को गंगाजल की सप्लाई
214 एमएलडी पानी की सप्लाई शहर में सिकंदरा वाटरवक्र्स के सभी प्लांट से
135 एमएलडी पानी की सप्लाई जीवनी मंडी स्थित वाटरवक्र्स से

मौजूदा समय में
100 एमएलडी करीब पालड़ा झाल से आगरा को मिल रहा गंगाजल
100 एमएलडी पानी की सप्लाई शहर में सिकंदरा वाटरवक्र्स स्थित एमबीबीआर प्लांट से
135 एमएलडी पानी की सप्लाई जीवनी मंडी स्थित वाटरवक्र्स से

- मंगलवार को क्षेत्र में पानी नहीं आया। दिनभर पानी के लिए भटकना पड़ा। इसकी शिकायत जल संस्थान के अफसरों से की गई। शिकायत के बाद एक टैंकर पानी भेजा गया।
नितिन

- पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गंदा पानी आ रहा था। इस संबंध में शिकायत की गई। अब काफी दिनों बाद लीकेज को ठीक किया गया है। नलों में सीवर का पानी आ रहा था।
ब्रजेश शर्मा

- पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। कुछ देर के लिए अगर नल आ भी रहें तो पानी इतना गंदा है कि उसका इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकता है।
धीरज

Posted By: Inextlive