- विवाहिता के गैंग रेप और मर्डर मामले में ठगा मंडल अब तक नहीं आ पाया था गिरफ्त में

- बाकी सभी आरोपी पहले ही किये जा चुके हैं गिरफ्तार

देहरादून

चार वर्ष पहले मसूरी के पास भट्ठा गांव में गैंगरेप के बाद विवाहिता के मर्डर के चर्चित मामले मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को बिहार के सीतामढ़ी जिले में माधोपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी ससुराल में अपना ठिकाना बना रखा था। उत्तराखंड पुलिस घटना के बाद से उसकी तलाश कर रही थी। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

9 में से 7 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में कुल 9 आरोपी हैं। इनमें से अब तक 7 को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंडे को एसएसपी डॉ। योगेंद्र सिंह रावत ने अपने कार्यालय में सातवें आरोपी के रूप में ठगा मंडल को गिरफ्तार किये जाने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में मसूरी में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मसूरी कोतवाली में 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 5 आरोपियों को घटना के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था। छठा आरोपित नंदू पंडित इसी वर्ष 11 जनवरी को पटियाला पंजाब से गिरफ्तार किया गया। ठगा मंडल की गिरफ्तारी के बाद अब जयकरन भगत और सुरेंद्र साहनी निवासी ग्राम बधुरी, सीतामढ़ी बिहार की तलाश चल रही थी। उन पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

नंदू से मिला था सुराग

पटियाला में नंदू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे ठगा मंडल के बारे में जानने का प्रयास किया तो उसने बताया कि बताया कि ठगा मंडल कभी-कभी अपनी ससुराल जाता है। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने ठगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सैटरडे को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

यह है मामला

ठगा ने पुलिस को बताया कि वह और उसके साथी बिल्टू नाम के ठेकेदार उसे व अन्य आरोपितों को काम करवाने के लिए मसूरी लाया था। 16 जुलाई 2017 को एक महिला उनके पास आई और बात करने के लिए फोन मांगा। मौके का फायदा उठाकर उन्होंने महिला को घेर लिया और दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। महिला की पहचान न हो, इसके लिए उसका चेहरा तेजाब डालकर जला दिया। साथ ही घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव के गले में चुन्नी का फंदा डालकर उसे जंगल में एक पेड़ से लटका दिया। ठगा ने बताया कि घटना के बाद वह अपना फोन फेंक कर बिहार भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए कुछ दिन वह नेपाल में भी रहा।

Posted By: Inextlive