गणेश प्रतिमाओं की कीमत में इस बार 15 से 25 परसेंट तक हुआ इजाफा

आगरा। भैया महंगाई के असर से गणपति बप्पा भी नहीं बचे हैं। वर्ष 2019 में जो एक फुट की गणेश प्रतिमा 100 से 150 रुपए की थी, वह अब 200 से 250 रुपए में अवेलेबल है। प्रतिमाओं के रेट में 15 से 25 परसेंट का इजाफा हुआ है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह रॉ मेटेरियल का महंगा होना है। मूर्तिकार दिनेश बताते हैं कि महंगाई सिर्फ खानपान की चीजों पर ही नहीं हुई है बल्कि पीओपी से लेकर मिट्टी तक भी महंगी हो गई है। इसके चलते गणेश प्रतिमाएं महंगी हो गई हैं।

महंगा हो गया रॉ मेटेरियल

आवास विकास, ईट की मंडी के पास सड़क किनारे गणेश प्रतिमाओं को मनमोहक रूप देने में जुट मूर्तिकार दिनेश बताते हैं कि कोरोनाकाल के बाद पहली बार लोगों में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह दिख रहा है। लेकिन, पूरी तरह से स्थिति 9 सितंबर को स्पष्ट हो जाएगी। लेकिन इस बार गणेश मूर्तियां महंगी हुई हैं। मूर्ति बनाने के लिए मिलने वाला रॉ मेटेरियल महंगा हो गया है।

पहले की तरह हुआ आगाज

दिनेश ने बताया कि कोरोना से पहले वर्ष 2019 में गणेश उत्सव को लेकर जो उत्साह था, उसी तरह का आगाज इस बार हुआ है। बड़ी मूर्तियों के भी ऑर्डर आए हैं। हमारे पास 50 से लेकर सात हजार तक की गणेश प्रतिमाएं अवेलेबल हैं। लेकिन, इस बार रॉ मेटेरियल महंगा होने के चलते गणेश प्रतिमाओं के रेट भी कुछ बढ़ गए हैं। बढ़े हुए रेट इस तरह समझ सकते हैं कि पहले जो एक फुट की मूर्ति 150 से 200 रुपए में कस्टमर के लिए अवेलेबल हो जाती थी, उसके लिए अब 250 रुपए तक देने पड़ रहे हैं।

बप्पा ही देता है हर बार

दिनेश ने बताया कि कोरोना के चलते पिछला वर्ष बहुत बुरा गुजरा। लेकिन सबका ध्यान बप्पा रखते हैं। राजस्थान के जिला पाली निवासी दिनेश करीब 22 साल से परिवार के साथ आगरा में रह रहे हैं और मूर्ति बनाते हैं। आसपास के जिलों से भी उन्हें मूर्ति के लिए ऑर्डर मिलते हैं।

मिट्टी की मूर्ति महंगी और छोटी भी

दिनेश ने बताया कि वह पीओपी और खडि़या मिट्टी से गणेश मूर्ति बनाते हैं। मिट्टी से मूर्ति बनाने के सवाल पर दिनेश बताते हैं कि मिट्टी की प्रतिमा दो फुट से अधिक बड़ी नहीं बनाई जा सकती। इसके साथ ही इसकी लागत भी अधिक बैठती है। जिसके चलते दो फुट की मूर्ति की कीमत ही करीब ढाई हजार रुपए तक होती है। कस्टमर छोटी मूर्ति के इतने रुपए देने को तैयार नहीं होता। इसलिए वह नहीं बनाते हैं। अगर कोई ऑर्डर देता है तो वह मिट्टी की मूर्ति भी तैयार कर देते हैं।

गणेश प्रतिमाओं की रेंज

50-7000 रुपए

प्रतिमाओं की कीमत (लगभग)

साइज(फुट) रेट (रुपए)

एक 250-300

दो 400-500

ढाई 600-800

तीन 1000-1200

चार 2000-2200

पांच 3000-3200

छह 5000-5500

साढ़े छह 6000-7000

रॉ मेटेरियल की बढ़ी कीमत

पहले (रुपए) अब (रुपए)

केरोसिन ऑयल 30 72

पीओपी, 25 किलो बैग 120 155

नारियल का छिलके का बोरा 850 1050

खडि़या मिट्टी की बोरी 150 185

यहां से मिल रहे ऑर्डर

- हाथरस

- फर्रुखाबाद

- मैनपुरी

- फतेहाबाद

बड़ी मूर्ति कितने दिन में तैयार

7-8 दिन में

होली जलने के बाद शुरू कर देते हैं तैयारी

दिनेश बताते हैं कि मूर्ति एक दिन में बनकर तैयार नहीं होती। होली जलने के साथ ही वह गणेश उत्सव के लिए प्रतिमाएं तैयार करना शुरू कर देते हैं। पूरा परिवार में इस कार्य में जुटा रहता है। तब जाकर गणेश उत्सव तक बड़ी संख्या में मूर्तियां तैयार हो पाती हैं।

रॉ मेटेरियल के रेट बढ़ने से मूर्ति के दामों में इजाफा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसबार गणेश उत्सव को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

दिनेश, मूर्तिकार

कोरोनाकाल में पहली बार गणेश उत्सव को लेकर लोगों में उत्साह है। बड़ी मूर्तियों के भी ऑर्डर मिल रहे हैं। गणपति बप्पा इस बार सब अच्छा करेंगे।

राजू, मूर्तिकार

Posted By: Inextlive