- पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ली गई ईदगाह बस्ती

- सफल होने पर समूचे शहर में लागू होगी व्यवस्था

आगरा। शहर के कचरा को बस्ती में ही निपटारे की सॉलिड योजना तैयार की गई है। इस योजना में कचरा निपटारा (डिस्पोज) करने वालों को खाद और अन्य वेस्ट मैटेरियल से कमाई भी होगी। ये फार्मूला काम कर गया, तो फिर बस्ती-बस्ती इसी के तहत शहर का कचरा साफ हो जाएगा। ये मॉडल नगर निगम के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ईदगाह बस्ती को लिया गया है।

गीला और सूखा कचरा अलग होगा

शहर में साफ-सफाई चुनौती बन चुकी है। उनके लिए डंप होता कचरा सबसे बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। ऐसे में नगर निगम जनता की सहभागिता का मॉडल लेने की तैयारी में है। वह बस्ती-बस्ती समाजसेवी संस्थाओं को तैयार करने जा रहा है, जो घर-घर के जमा गीला और सूखा कचरा को अलग-अलग करेगा। गीला से खाद और सूखा से रिसाइकिल होने वाले सामान को निकालेगा।

संस्था के साथ करार

नगर निगम इन दोनों सामानों को बेचने में मदद करेगा। इससे कमाई के साथ बस्ती-बस्ती कचरा साफ होगा। निगम ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ईदगाह बस्ती को लिया है। इसके लिए एक समाजसेवी संस्था इम्मनुएल हॉस्पिटल एसोसिएशन के साथ करार हुआ है। ये प्रोजेक्ट सफल हुआ, तो शहर को कचरा मुक्त करने का सपना पूरा होने की उम्मीद जागेगी।

निगम ने किया सेमिनार

नगर निगम में अपर नगर आयुक्त और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रोजेक्ट अधिकारी ने कई समाजसेवी संस्थाओं के साथ गुरुवार को बैठक की। इसमें साफ-सफाई में बेहतर कामकाज पर चर्चा की गई। इस बीच संस्थाओं को कचरा से खाद् और वेस्टेज मैटेरियल से कमाई का गुण भी समझाया गया। ये फार्मूला कई संस्थाओं को पसंद भी आया और वे अपने-अपने क्षेत्र में काम करने को तैयार हैं।

कई संस्थाओं को काम देने की योजना

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर अब तक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम अपनाया है। एक ही कंपनी को कचरा उठाने से लेकर डिस्पोज (निपटारा) तक की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन इस बार डिसेंट्रलाइज्ड (विकेंद्रीय) सिस्टम लागू करने की योजना तैयार की है। इसमें एक बस्ती में एक संस्था को काम करने के लिए तैयार किया जाएगा। इससे एक हाथ में काम नहीं होकर कई हाथों में बंटा रहेगा।

कचरा खत्म और कमाई भी

निगम अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत कचरा खत्म करने के साथ कमाई भी होगी। संस्था को गीला कचरा से खाद् बनाने की विधि सिखाई जाएगी। इस खाद् की बिक्री भी नगर निगम कराएगी। वहीं सूखा कचरा से रिसाइकिल आइटम (प्लास्टिक, लोहा, कांच) को निकालकर आमदनी की सीख दी जाएगी। इस फार्मूले पर ही ईदगाह बस्ती से कचरा निपटारे की शुरुआत की जाएगी।

थ्री आर पर टिकी सफाई व्यवस्था

सफाई की व्यवस्था तीन आर पर टिकी है। पहली रिड्यूस यानी कचरा कम करना, दूसरा रिसाइकिल और तीसरा रियूज यानी दोबारा उपयोग में लाना। ये व्यवस्था अब तक नहीं बनी। इसीलिए शहर से गंदगी की समस्या अब तक खत्म नहीं हुई है।

Posted By: Inextlive