-थोक और फुटकर के दामों में बढोत्तरी, खानपान में शामिल कर रहे लोग

आगरा, जेएनएन: कोरोना संक्रमण भले ही थमा हो, लेकिन तीसरी लहर की आशंका को लेकर लोग खान-पान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए लोग कीवी को बाजार में तलाश रहे हैं। वहीं, बढ़ती मांग को देखते हुए बाजार में कीवी के फुटकर दामों में भी इजाफा हुआ है।

दिल्ली-मुंबई से आती है कीवी

आगरा मंडी में कीवी दिल्ली और मुंबई से आती है। इस समय मुंबई से आवक हो रही है। दो प्रकार की कीवी आ रही है। एक को इटली की कहते हैं, जो 30 पीस की क्रेट में आती है। वहीं दूसरी न्यूजीलैंड की कहलाती है, जो 24 पीस की क्रेट होती है। इटली वाली कीवी की प्रतिदिन आवक एक हजार से 1100 क्रेट तक हो रही है। वहीं न्यूजीलैंड वाली कीवी की आवक कम हो रही है। इसकी 40 से 60 क्रेट प्रतिदिन आ रही हैं।

---

कोरोना संक्रमण काल में कीवी के थोक दाम एक हजार रुपए प्रति क्रेट से ऊपर चले गए थे। पिछले दिनों आवक कम थी, लेकिन अब आवक बढ़ गई है। इस समय डेंगू प्रभावित क्षेत्र में ज्यादा मांग है।

-कपिल, थोक विक्रेता

---

फिरोजाबाद जा रही 400 क्रेट प्रतिदिन

फिरोजाबाद में इन दिनों डेंगू का प्रकोप काफी है। इस कारण वहां कीवी की मांग बढ़ी है। थोक विक्रेता गजेंद्र सिसौदिया ने बताया कि फिरोजाबाद प्रतिदिन 300 से 400 क्रेट जा रही हैं। वहीं 800 क्रेट आगरा और आसपास में खपत होती है।

फुटकर में जमकर मनमानी

इटली की कीवी सिकंदरा थोक मंडी में 550 रुपए प्रति क्रेट है। वहीं न्यूजीलैंड की क्रेट का दाम 600 रुपए है। वहीं फुटकर बाजार में कीवी का कोई निर्धारित रेट नहीं है। विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं। पिछले दिनों 30 से 32 रुपए प्रति पीस बिक रहा था। वहीं अब संजय प्लेस में 40 से 45 रुपए प्रति पीस कीवी बिक रही है, तो खंदारी हनुमान चौराहे, कमला नगर में कीवी का दाम 50 रुपए प्रति पीस है।

Posted By: Inextlive