- वृंदावन, जिला अस्पताल में कराए गए थे भर्ती- फरह क्षेत्र में अस्थायी जेल से भगाए गए, पिटाई भी

 

मथुरा: गुरुवार को ऑपरेशन के दौरान घायल हुए कथित सत्याग्रहियों को जिला अस्पताल, वृंदावन सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह ये लोग रफूचक्कर हो चुके थे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया, इस दौरान मौजूद पुलिस वालों ने भी उनको नहीं रोका। इसी बीच फरह क्षेत्र में गुरुवार रात लाए गए करीब चार सौ कथित सत्याग्रही भी शुक्रवार सुबह भगा दिए गए। बताया जाता है कि इन सत्याग्रहियों की पहले जमकर पिटाई की गई और फिर इन्हें यहां से भगा दिया गया।

 

ये थी जिला अस्पताल की तैयारी

जवाहर बाग ऑपरेशन के दौरान हुई ¨हसा में घायलों को उपचार देने के लिए जिला अस्पताल में हाई लेवल के इंतजाम रखे गए थे। घायलों की तादात ज्यादा होने की आशंका को देखकर बर्न वार्ड को खाली करा लिया गया। अस्पताल में बीस अतिरिक्त बैड भी डलवाए गए, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में भी आवश्यकता पर दस बैड का अस्पताल तैयार था।

 

एबुलेंसों ने तीन सौ से ज्यादा घायलों को दी मदद

ऑपरेशन जवाहर बाग शुरू होने के बाद सरकारी और गैर सरकारी एबुलेंसों ने करीब तीन सौ से ज्यादा घायलों को जिला अस्पताल, नयति अस्पताल, स्वर्ण जयंती और आगरा के एसएन मेडीकल कॉलेज पहुंचाया। 108 एबुलेंस के प्रभारी योगेन्द्र भदौरिया ने बताया, उनकी 15 एबुलेंसों ने ही करीब ढाई सौ घायल आगरा और जिला अस्पताल भिजवाए।

Posted By: Inextlive