जन्माष्टमी के दूसरे दिन मंदिरों में मनाया गया नंदोत्सव

महिलाओं ने भजनों पर किया नृत्य, बांटा गया प्रसाद

आगरा: कान्हा के जन्म पर ब्रज भूमि में उमंग छाई हुई है। जन्माष्टमी के दूसरे दिन मंगलवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में नंदोत्सव मनाया गया। खिलौने, मेवे, उपहार आदि बांटे गए। बधाई गीत गाए गए। भजनों और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते रहे।

हमारा सौभाग्य हम ब्रजभूमि के निवासी

बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में महालक्ष्मी भक्त मंडल ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के तीसरे दिन नंदोत्सव मनाया। मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो। एसपी सिंह बघेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार वर्ष पूर्व जो संदेश दिया था, वह आज भी सामयिक है। हमारा सौभाग्य है कि हम भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि ब्रज के निवासी हैं। हमें ब्रज की परंपरा और संस्कृति को बनाए रखना चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री का सम्मान मंदिर के ट्रस्टी राधे कपूर, महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, हरीओम बाबा, दीपक ढल ने किया। पूजन पुजारी पं। रमाकांत शर्मा ने कराया। इससे पूर्व कन्या-लांगुरा पूजन हुआ। दिलीप बंसल, अविनाश राणा, बाबी अग्रवाल, हरीश पंजवानी, सियाराम पवन कुमार, श्याम, अनिल अग्रवाल, आनंद शर्मा, हेमंत, राकेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल मौजूद रहे।

मन:कामेश्वर नाथ ने बांटी बधाई

मन:कामेश्वर मंदिर में महिला मंडल ने नंदोत्सव मनाया। इसके लिए सभी सदस्याएं अपने घर से उपहार लेकर आई थीं। कन्हैया के महावर लगाने के बाद सखियों ने महावर लगाया। मन:कामेश्वर नाथ ने नंद बाबा के रूप में बधाई बांटी। भजन संध्या में महिलाओं ने भजनों पर नृत्य किया। महंत योगेश पुरी, हरिहर पुरी, कुमकुम गुप्ता, दीप्ति गर्ग, अनुभा गुप्ता, पूजा बंसल, कीर्ति गुप्ता, कविता पांडेय, भावना अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।

सनातन धर्म सभा मंदिर में महिलाओं ने किया कीर्तन

सनातन धर्म सभा मंदिर, शहजादी मंडी में महिलाओं ने नंदोत्सव मनाया। भजन, कीर्तन कर प्रसाद वितरित किया गया। पांच सितंबर को छटी उत्सव मनाया जाएगा। पुजारी श्रीकृष्ण दत्त, आशा अग्रवाल, सारिका कुकरेजा, हेमंत सलूजा, सुनील दत्त शर्मा, ललित कुमार कुकरेजा, लक्ष्मी शर्मा, गौरव आदि मौजूद रहे।

नंदोत्सव में बांटी चाकलेट, खिलौने

खाटू श्याम मंदिर, जीवनी मंडी में मंगलवार को नंदोत्सव मनाया गया। मंदिर में बच्चों को चाकलेट व खिलौने बांटे गए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।

Posted By: Inextlive