-हाथरस में जयंत पर हुए लाठीचार्ज पर बोले केंद्रीय राज्यमंत्री

-कृषि विधेयक पर सरकार का पक्ष रखने आगरा पहुंचे थे

आगरा: हाथरस कांड में पीडि़त परिवार से मिलने जा रहे रालोद नेता जयंत चौधरी समेत अन्य पर हुए लाठीचार्ज पर केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा है कि राजनीतिक दलों पर लाठीचार्ज को सही नहीं ठहराया जा सकता। उन पर लाठीचार्ज का मैं समर्थन नहीं करता। राजनीतिक दलों को विरोध का पूरा हक है। ऐसे में उन्हें और प्रशासन को कानून व्यवस्था का भी ध्यान रखना होगा। दोनों के बीच धैर्य से बात होनी चाहिए। हाथरस कांड की आड़ में देश को जातीय हिंसा में झोंकने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार को आगरा पहुंचे केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन राज्यमंत्री ने कृषि विधेयक पर सरकार का पक्ष रखा। सांसद और हाल ही में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने राजकुमार चाहर के निवास पर प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे।

पीडि़ता को जाति से जोड़ना गलत

खेरिया मोड़ स्थित सांसद के निवास पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग हाथरस मामले को कुछ लोग जातियों से जोड़ रहे हैं। माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। वह सर्वसमाज की बेटी है। इसे जातिगत रूप नहीं देना चाहिए। जातियों से जोड़ना गलत है। हम भी चाहते हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नारको टेस्ट के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

पुलिस ने बरती लापरवाही

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले में पुलिस को बहुत पहले सक्रिय हो जाना चाहिए था। लोगों के सामने सच आ जाना चाहिए था। उन्होंने लापरवाही बरती, इसलिए उन पर कार्रवाई हुई। हाथरस कांड के बीच बलिया के विधायक द्वारा दिए गए विवादित बयान पर संजीव बालियान का कहना है कि वह उनकी बातों का समर्थन नहीं करते।

किसानों को गुमराह कर रहे लोग

कृषि विधेयक पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से देश के सभी किसानों को लाभ होगा। विपक्ष किसानों को गुमराह करने का काम कर रहा है लेकिन वह सफल नहीं होगा। किसान जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके हित में इस विधेयक को लेकर आए हैं।

कांग्रेस को कूड़े में फेंकेगी जनता

प्रेसवार्ता में सासंद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की जिसमें उन्होंने कृषि विधेयक को कूड़ेदान में फेंकने का ऐलान किया था। सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ये भूल रहे हैं कि यह देश के किसानाें की जीविका से जुड़ा बिल है। ऐसे में आने वाले समय में देश की 130 करोड़ जनता बची-कुची कांग्रेस को कूड़ेदान में फेंकने का काम करेगी।

---

अजयपाल शर्मा के काम के हैं मुरीद-बालियान

आगरा में प्रेसवार्ता के दौरान यूपी में लॉ एंड आर्डर के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री दागी पुलिस अधिकारी के काम की तारीफ कर गए। उन्होंने खुद को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपी आईपीएस और शामली के एसपी अजयपाल शर्मा का मुरीद बता दिया। हालांकि अगले ही पल उन्होंने कहा कि वे अजयपाल शर्मा के काम के मुरीद हैं। भ्रष्टाचार की जांच सरकार का काम है, वो कर रही है।

---

आज किसान निकालेंगे ट्रैक्टर रैली

सांसद राजकुमार चाहर के आह्वान पर मंगलवार को किसान आगरा में ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। दोपहर 1:30 बजे तारघर मैदान से यह रैली रवाना होगी। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस द्वारा ट्रैक्टर में लगाई गई आग के विरोध में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस रैली को निकाल रहे हैं।

Posted By: Inextlive