आगरा। एलपीजी घरेलू सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) के दामों में बुधवार से 25 रुपये का इजाफा हो गया। इससे महिलाओं में आक्रोश है। रसोई गैस की कीमत में लगातार हो रहे इजाफे से वे घर का बजट बिगड़ने की बात कह रही हैं। दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 70.50 रुपये का इजाफा हुआ है, इससे व्यापारियों में नाराजगी है। अब घरेलू सिलेंडर 897.50 रुपये का हो गया है। वहीं 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडर के दाम 1738 रुपये हो गए हैं।

एक महीने में बढ़े 50 रुपए

हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी के दाम निर्धारित होते हैं। गत महीने पहली तारीख को व्यावसायिक सिलेंडर के दाम तो 72.50 रुपये बढ़े थे, लेकिन घरेलू के दाम स्थिर रहे थे। 16 अगस्त को घरेलू सिलेंडर की कीमत 25 रुपये बढ़ा दी गई थी, तो व्यावसायिक सिलेंडर के दाम चार रुपये घटाए गए थे। सितंबर में पुन: इजाफे से दोनों वर्गो में रोष है। इससे पहले घरेलू एलपीजी के दामों में मई और जून में राहत रही थी, लेकिन जुलाई में 25.50 रुपये इजाफा हुआ था। वहीं व्यावसायिक सिलेंडर के दामों में भी जुलाई से लगातार इजाफा हो रहा है। ऑल इंडिया इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के आगरा संभाग अध्यक्ष विपुल पुरोहित एवं आगरा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार ने बताया कि बढ़े हुए दाम बुधवार से प्रभावी हो गए हैं। एलपीजी के दामों में लगातार वृद्धि की जा रही है, इससे आम आदमी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण पहले से ही पूरा घर प्रभावित चल रहा है।

वर्जन

रसोई गैस का दाम फिक्स हो जाना चाहिए। इसमें हर महीने इजाफा नहीं होना चाहिए। इससे पूरे घर का बजट प्रभावित हो जाता है।

-प्रियंका गौतम, ग्रहणी

घरेलू के गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। फेस्टिव सीजन भी आ रहा है। ऐसे में गैस महंगा होने से त्योहारों पर भी फर्क पड़ेगा।

-रोशनी कुकरेजा, ग्रहणी

एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है। दूसरी ओर पेट्रोल और गैस के दाम परेशान कर रहे हैं। अब तो महंगाई आउट ऑफ कंट्रोल हो रही है।

-रचना कपूर, ग्रहणी

Posted By: Inextlive