- मास्क लगाने के बाद ही मिलेगी थाना परिसर में एंट्री

आगरा। अब बिना मास्क के थाने में एंट्री नहीं मिलेगी। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एसएसपी मुनिराज जी ने थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। थाने पर बिना मास्क के आने वाले फरियादियों को सख्त हिदायत दी जा रही है।

थानों में दी सख्त हिदायत

कोरोना संक्रमितों के आंकड़े एक बार फिर से बढ़ रहे हैं। ऐसे में थानों में ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को एसएसपी मुनिराज जी ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। थाने में आने वाले फरियादी अगर बिना मास्क के थाने में प्रवेश करते हैं, तो उनको मास्क लगाने के लिए कहा जाएगा। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो थाने से ही उनको मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद भी मास्क नहीं पहनते हैं, तो उनका मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। इस संबंध में थाना प्रभारी की ओर से पहरेदार को सख्त हिदायत दी गई है कि बिना मास्क के आने वाले स्टाफ को भी एंट्री नहीं दी जाए।

दर्जनों मिले थे संक्रमित, चार की मौत

कोरोना काल में अब तक 50 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी संक्रमित हुए हैं। वहीं एक सब इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी और एक महिला पुलिसकर्मी की मौत हुई थी। सुरक्षा के लिहाज से शहर के प्रमुख थानों पर सेनेटाइज केबिन लगवाए गए थे।

वर्जन

थानों में बिना मास्क के आने वाले फरियादियों को एंट्री नहीं दी जाएगी। अगर उनके पास किसी कारण मास्क नहीं हैं तो उनको थाने से ही मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग की जाएगी। बिना मास्क के घर से निकलने वालों के चालान किए जाएंगे।

मुनिराज जी, एसएसपी

जिले में पुलिस स्टेशंस

44

शहर में पुलिस स्टेशंस

17

जिले में पुलिस फोर्स

5500

शहर में पुलिस फोर्स

1700

Posted By: Inextlive