-मृतक के शरीर और गले पर मिले गंभीर चोट के निशान

-जगदीशपुरा थाने में दर्ज की गई एक दिन पूर्व गुमशुदगी

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के मघटई के खेतों में शनिवार को फैक्ट्री कर्मी का शव पड़ा मिला। वह गुरुवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एक दिन पहले दर्ज कराई गुमशुदगी

थाना सदर क्षेत्र के नगला परसोती निवासी 52 वर्षीय किशोर कुमार शास्त्रीपुरम स्थित एक दवा की फैक्ट्री में कर्मचारी था। शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह घर से शास्त्रीपुरम स्थित दवा की फैक्ट्री जाने के लिए निकला था। लेकिन, शनिवार शाम तक नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने अनहोनी की आंशका व्यक्त करते हुए थाना जगदीशपुरा में कंप्लेन की। दवा की फैक्ट्री में किशोर कुमार बिलिंग का कार्य करता था। परिजनों का कहना है कि किशोर के साइन करने के बाद ही दवाओं को बाहर भेजा जाता था। थाना प्रभारी बैद्यनाथ सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

सरसों के खेत में पड़ा मिला शव

लापता फैक्ट्री कर्मी का शव मघटई में सरसों के खेत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जबकि गले को किसी धारदार हथियार से रेतने की आशंका व्यक्त की जा रही है। कपड़े भी फटे मिले।

मिस्त्री की दुकान पर मिली बाइक

किशोर की बाइक को बिचपुरी रोड स्थित एक मिस्त्री के पास से बरामद किया गया है। पूछताछ पर मिस्त्री ने बताया कि किशोर अपनी बाइक को सर्विस के लिए छोड़ गया था। उसने शाम को बाइक लेने को कहा था, लेकिन वह नहीं लौटा।

टेंशन में चल रहा था मृतक

मृतक किशोर कुमार मानसिक तनाव में चल रहा था। परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिन से काफी परेशान था। इस मामले में फैक्ट्री के संचालक से बात की जा रही है। वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। मृतक के भाई का कहना है कि वह काम छोड़ना चाहता था।

बिचपुरी थाना क्षेत्र के मघटई में एक व्यक्ति का शव मिला है, उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive