आगरा। सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय को 65 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रविवार रात को एक वार्ड ब्वॉय ने इमरजेंसी वार्ड इलाज के लिए आई महिला को कोरोना पीडि़त बता दिया। इसके बाद चेकअप के बहाने कमरे में ले गया। उसने तलाशी की बात कहकर छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद पीडि़त महिला के शोर मचाने पर भाग गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।

सीओ कोतवाली दीक्षा सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में थाना कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 65 वर्षीय महिला इलाज के लिए आई थीं। तभी उन्हें एक वार्ड ब्वॉय मिल गया। वह पीपीई किट पहने हुए था। आरोप के मुताबिक, युवक ने कहा कि आपको कोरोना हो गया है.अंदर कमरे में चलकर इलाज कराना होगा। तलाशी भी देनी होगी। इसके बाद वह महिला को कमरे में ले जाकर बैग की तलाशी लेने लगा। बाद में उनको छूने लगा। उसकी हरकत बढ़ने लगी। उनसे छेड़छाड़ कर दी। गलत हरकत करने पर महिला ने शोर मचा दिया। इस पर लोग आ गए। वार्ड ब्वॉय भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पीडि़त महिला पूछताछ की।

सीओ कोतवाली के मुताबिक, आरोपी वार्ड ब्वॉय किरावली के अगुआपुरा रहने वाला विजय पुत्र होरीलाल है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को अवगत कराया गया है। पहले पीडि़त महिला मुकदमा दर्ज नहीं कराना चाहती थी। मगर, पुलिस के समझाने पर वो मान गईं। आरोपी को निलंबित करने के लिए प्राचार्य से बात की गई है।

Posted By: Inextlive