अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सात डिग्री से भी कम रहा अंतर

- गलन भरी सर्दी के साथ तापमान सात डिग्री नीचे पहुंचा

आगरा। सर्दी चुभने लगी है, ऐसे में सोमवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह कोहरा के बाद गलन भरी सर्दी पड़ी, धूप से भी राहत नहीं मिली। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर सात डिग्री से कम रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे पहुंच गया।

सुबह कोहरे के साथ हुई, कुछ देर बाद ही धुंध छा गई। दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली लेकिन सर्द हवा चलती रही। अधिकतम आ‌र्द्रता 97 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी में लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दोपहर में धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम को सर्द हवा तेज हो गई, रात में शीत लहर से सर्दी चुभने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सर्दी के सीजन में अभी तक का सबसे कम तापमान रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.6 डिग्री रहा।

आगरा का अधिकतम तापमान

13 दिसंबर - 19.8 डिग्री

14 दिसंबर - 18.4 डिग्री

15 दिसंबर - 19.8 डिग्री

16 दिसंबर - 17.2 डिग्री

सुबह छाएगा कोहरा, गलन भरी सर्दी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को सुबह कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर में धूप निकलेगी लेकिन गलन भरी सर्दी से तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। 22 दिसंबर तक तापमान में गिरावट आएगी।

Posted By: Inextlive