आगरा। आगरा में अब कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है और रोज 100 से अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शुक्रवार को 106 नए केस मिले हैं। इससे कुल संक्रमितों की संख्या 4601 हो गई है। शुक्रवार को 82 पेशेंट्स स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। इनमें 3632 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 852 एक्टिव पेशेंट्स का इलाज चल रहा है। अबतक 117 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। 572 पेशेंट्स का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

डेली मिल रहे 100 से ज्यादा पेशेंट्स

- 13 सितंबर - 109

- 14 सितंबर - 111

- 15 सितंबर - 114

- 16 सितंबर - 110

- 17 सितंबर - 118

- 18 सितंबर- 106

घर-घर जाकर 98 हजार लोगों की हुई जांच

स्वास्थ्य विभाग की 225 टीमों ने शुक्रवार को कमला नगर, दयालबाग, शाहगंज, आवास विकास कॉलोनी, देवरी रोड, विभव नगर, ताजगंज, बिचपुरी, नरायच, बरौली अहीर, शमसाबाद, फतेहाबाद, यमुनाब्रिज, खंदारी, प्रतापपुरा, बल्केश्वर और छत्ता में 22,552 घरों के 98,054 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर उनकी सेहत का हाल जाना।

बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की कोरोना वायरस की जांच की गई। इन्हीं क्षेत्रों में 68 कैंप लगाकर 1388 पुरुष, 1243 महिला और 91 बच्चों की सेहत की जांच की गई। इनमें से 23 को डायबिटीज और 18 को हाई ब्लडप्रेशर की परेशानी मिली। 99 को त्वचा रोग और 12 लोगों को दांतों की परेशानी मिली। पेट, हड्डी, आंख समेत अन्य मर्ज के 176 पेशेंट्स मिले।

Posted By: Inextlive